चंडीगढ़ में टमाटर पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। मंडी में इसकी कीमत तेजी से बढ़ रही है। सेक्टर- 26 की सब्जी मंडी में टमाटर होल सेल में 200 रुपये किलो रहा। वहीं, सेक्टरों में लोगों ने 240 रुपये किलो की दर से टमाटर की खरीद की।
मंडी के सब्जी के आढ़ती दीपक धवन ने बताया कि बुधवार को टमाटर होल सेल में 150 रुपये किलो बिका है। महज एक दिन में 50 रुपये प्रति किलो पर रेट बढ़ गया है। इसका असर फुटकर बाजार पर ज्यादा पड़ रहा है। सेक्टर और मंडी में भी फुटकर विक्रेता 220-240 रुपये किलो तक टमाटर बेच रहे हैं। वहीं, फुटकर विक्रेता संदीप यादव का कहना है कि एक क्रेट टमाटर 5000 रुपये में लेने पर फुटकर में 250 रुपये किलो ही बेचना पड़ेगा। इससे कम दाम में बेचने पर घाटा होगा। इसलिए बहुत से सब्जी वाले अब टमाटर बेच ही नहीं रहे हैं।
यह भी पढ़ें: नूंह हिंसा में बड़ा खुलासा: सरकार के पास हमले का इनपुट ही नहीं था, गृहमंत्री बोले-हमें ताे तीन बजे पता चला
पिछले दिनों बरसात के दौरान हिमाचल और पंजाब में सड़क मार्ग बंद होने और फसल खराब होने के कारण टमाटर की कीमत 350 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। स्थिति सामान्य होने पर कीमत में कमी दर्ज की गई थी। टमाटर 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था, लेकिन अब महंगाई फिर से किचन का बजट बिगाड़ने लगी है। मंडी के आढ़तियों का कहना है कि जब तक नासिक से टमाटर की नई खेप नहीं आने लगती तब तक टमाटर के दाम में मंदी नहीं आएगी।
महंगाई की मार, हर कोई परेशान
टमाटर तो खरीदना ही बंद कर दिया है। उसकी जगह पर टोमैटो प्यूरी और अन्य विकल्पों का उपयोग कर रही हूं। सस्ता होने पर ही टमाटर खरीदूंगी।
-हेमलता मिश्रा, सेक्टर-15
समझ में आ नहीं रहा, क्या खरीदें
महंगाई के कारण यह समझ नहीं आ रहा है कि क्या खरीदे और क्या छोड़े। अगर टमाटर की महंगाई इसी तरह हावी रही तो टमाटर खाना छोड़ना पड़ेगा।
-दिव्या सिंह, सेक्टर 41