एक माह में होगी ड्रेन की सफाई
इसराना गांव से गुजरने वाले गोहाना-रोहतक राजमार्ग पर जमा हुए पानी की निकासी पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि यह राजमार्ग भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसलिए प्राधिकरण से अनुरोध किया गया है। दुष्यंत चौटाला ने फिर भी आश्वासन दिया कि इस राजमार्ग पर रुके हुए पानी की निकासी के लिए राज्य सरकार द्वारा ड्रेन की ब्लॉकेज को ठीक करवाया जाएगा और एक माह में इस ड्रेन की सफाई करवा दी जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार द्वारा इसराना में प्रदेश की पहली देवीलाल मॉडल कॉलोनी बनाई जा रही है जो कि ग्रामीण क्षेत्र में एक उत्कृष्ट विकास प्रोजेक्ट साबित होगा।
चीका मंडी के विकास के लिए कोई प्रस्ताव नहीं : जेपी दलाल
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि गुहला विधानसभा क्षेत्र में चीका मंडी के क्षेत्र का विकास करने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है। कृषि मंत्री विधानसभा में चल रहे सत्र के दौरान लगाए गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि चीका में दो मंडी है।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त अनाज मंडी मौजूदा अनाज मंडी से 3 किलोमीटर की दूरी पर है तथा इसका निर्माण 41.45 एकड़ भूमि पर वर्ष 2011 में किया गया था। मंडी में सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं जैसे कि 4 सार्वजनिक फड़, 9 व्यक्तिगत फड़, 4 शेड, अंदरूनी सड़कें, सर्विस रोड, पीने के पानी के लिए कूलर, सुलभ शौचालय, पार्किंग और चहारदीवारी इत्यादि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इस मंडी में कुल 266 दुकानें हैं, जिनमें से 44 बिक चुकी है तथा 222 बिक्री के लिए बाकी है। उन्होंने बताया कि इस मंडी से लगभग हर 10 किलोमीटर की दूरी पर खरीद सेंटर खुले हुए हैं।
सिरसा जिले में 4300 लोगों ने जमा कराई नलकूप कनेक्शन की राशि
हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने बताया कि जिला सिरसा में अब तक कुल 4300 लोगों ने अपने नलकूप कनेक्शन के लिए राशि जमा करवा दी है। इसमें से 2547 लोगों/आवेदकों के कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं और शेष 1753 प्रक्रिया में है, जिनको 30 जून 2022 तक जारी किए जाने की संभावना है। रणजीत सिंह ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आठ कंपनियां पांच साल की गारंटी के साथ सबमर्सिबल मोटर पंपसेट उपलब्ध करवाती हैं।