इंग्लैंड की पिच पर बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन कर रही महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने हरियाणा शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा भी पास कर ली है। शेफाली ने फोन पर पिता से खुशी जाहिर कर भगवान का शुक्रिया अदा किया। परीक्षा देने के लिए भिवानी जाने में आने वाली दिक्कतों को भी याद किया।
रोहतक की 17 वर्षीय बेटी शेफाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन कर रही हैं। वह इन दिनों इंग्लैंड के दौरे पर है और शानदार बल्लेबाजी के प्रदर्शन से उपलब्धियां और खुशी उनकी झोली में आ रही है। उन्होंने टी-20 में शानदार प्रदर्शन करके सभी को प्रभावित किया है।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी की। पहली पारी में वह चार रन से शतक बनाने से चूक गई जबकि दूसरी पारी में 63 रन बनाए। आईसीसी ने उनके प्रदर्शन को देखते हुए श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार से भी नवाजा है। क्रिकेट के अलावा शेफाली अपनी बढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं।
उन्होंने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा 52 प्रतिशत अंक से पास कर ली है। उनके पिता संजीव वर्मा ने बताया कि गुरुवार को रिजल्ट आने के बाद शेफाली को मैसेज दिया गया। जैसे ही 10वीं पास होने का संदेश शेफाली ने पढ़ा तो तभी उसने फोन कर परिवार से बात की। पिता से बात करते हुए शेफाली की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। पिता ने बताया कि शेफाली ने भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए परीक्षा देने के लिए भिवानी जाने में आने वाली दिक्कतों को भी याद किया।