चंडीगढ़। धनास ईडब्ल्यूएस कॉलोनी से बीते 13 मार्च को ईको स्पोर्ट्स कार का साइलेंसर चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा है। आरोपी की पहचान धनास ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी विकास (23) के रूप में हुई। आरोपी की खुद की ईको स्पोर्ट्स कार का साइलेंसर चोरी हुआ तो उसने पड़ोसी की कार का साइलेंसर चोरी कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि विकास ने कुछ दिन पहले अपने और भाई के साथ मारपीट के मामले में पुलिस को झपटमारी की झूठी शिकायत दी थी। पुलिस को बाद में एफआईआर रद्द करनी पड़ी थी। आरोपी ऑटो चलाता है।
सारंगपुर थाना प्रभारी ने बताया कि 13 मार्च का ईको स्पोर्ट्स के साइलेंसर चोरी का केस दर्ज हुआ था। पुलिस जांच में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई। इस आधार पर पुलिस ने धनास से विकास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने धनास में साइलेंसर को छिपा रखा था। अभी उसने अपनी कार में साइलेंसर लगवाया नहीं था। पुलिस ने साइलेंसर बरामद कर लिया है। विकास ने पूछताछ में बताया कि उसकी ईको स्पोर्ट्स कार का साइलेंसर चोरी हो गया था। उसने मनीमाजरा से सेकेंड हैंड साइलेंसर डलवाया था, लेकिन वह फिट नहीं बैठा। इसके बाद उसने पड़ोस में ही एक घर के बाहर खड़ी ईको स्पोर्ट्स कार का साइलेंसर चोरी कर लिया।