शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत चीमा ने कहा कि वह बड़े हैरान है कि सांसद रवनीत बिट्टू पांच साल श्री आनंदपुर साहिब से भी सांसद रह चुके हैं। उन्हें यह नहीं पता कि इस पवित्र धरती से गुरु साहिब ने जात-पात को खत्म किया था। जब बसपा को श्री आनंदपुर साहिब और श्री चमकौर साहिब की टिकट दी गई है तो सांसद कहते हैं कि इन पवित्र शहरों की सीट बसपा को क्यों दी गई।
इसका सीधा मतलब है कि वह इस पूरे समाज को अपवित्र समझते हैं, इसलिए उनके खिलाफ पुलिस को तुरंत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करना चाहिए। अनुसूचित जाति आयोग द्वारा सांसद को तलब करने का मैं स्वागत करता हूं। पुलिस को इस मामले में सीधी कार्रवाई करनी चाहिए कि क्योंकि उनका बयान ऑन रिकॉर्ड है। वहीं नवांशहर में बिट्टू का पुतला फूंककर केस दर्ज करने की मांग की गई।
शिअद-बसपा ने अमलोह और गोबिंदगढ़ मुख्य चौक पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के पुतले फूंके। हलका अमलोह के शिअद इंचार्ज गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने प्रदर्शन की अगुवाई की। उन्होंने कहा कि बिट्टू की लोकसभा सदस्यता खत्म की जाए और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाए। वहीं जिला शहरी प्रधान कृष्ण वर्मा बोबी, राजू खन्ना व बसपा लोकसभा फतेहगढ़ साहिब हलका इंचार्ज कुलवंत सिंह मेहतों ने कहा कि बिट्टू के बयान से एससी समाज में ही नहीं बल्कि हर वर्ग में रोष है।