तीन लुटेरों ने रास्ता रोक वारदात को दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा जंडियाला गुरु में भले ही सुरक्षा के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला जाता रहता है। बावजूद इसके लुटेरों औऱ चोरों के हौंसले बुलंद है। वह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुखविंदर सिंह पंजाब पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि वह जंडियाला गुरु से अपने गांव खैरदी जिला तरनतारन, मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जब वह जाणीया रोड से करीब 100 मीटर आगे बढ़े तो उनके सामने से तीन मोटरसाइकिल सवार आए, जिनमें से एक का चेहरा ढका हुआ था, उसने आते ही उनकी कमीज की जेब में हाथ डाला। उसमें से उनके जरूरी कागजात और वीवो का मोबाइल निकाल लिया। जबकि उसके दूसरा साथी दातर निकालकर उन पर वार करने लगा लेकिन उन्होंने भी हिम्मत नहीं छोड़ी और डटकर मुकाबला किया। इस 2 से 3 मिनट तक हुई हाथापाई के दौरान उनके कपड़े फट गए और चोर उनकी पेंट की जेब से पर्स भी निकालकर ले गए, जिसमें 4 हजार रुपये की नकदी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।