पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) चुनाव का शनिवार को नामांकन भरने का आखिरी दिन था। रिटर्निंग अफसर की ओर से जारी सूची के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। वहीं उपाध्यक्ष और सचिव पद के लिए भी विभिन्न विभागों के तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। विभिन्न पदों के लिए नामांकन भरने वाले शिक्षक रविवार को पुटा दफ्तर में दोपहर साढ़े तीन से चार बजे के बीच नाम वापसी ले सकते हैं। इसके बाद रविवार को ही अंतिम सूची भी जारी कर दी जाएगी।
पंजाब यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के चुनाव 28 अक्तूबर को लॉ ऑडिटोरियम में सुबह साढ़े आठ से दोपहर दो बजे तक आयोजित करवाए जाएंगे। मतगणना भी उसी दिन हो जाएगी। इस बार पुटा चुनाव में 626 शिक्षक मतदान करेंगे। पिछले पुटा चुनाव में 628 शिक्षकों ने मतदान किया था। पुटा चुनाव में विभिन्न पदों पर डेंटल कॉलेज के साथ विज्ञान और इंजीनियरिंग विभागों के शिक्षक अधिक चुनाव में मतदान में उतरे हैं। मतदाताओं में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के नाम मतदाता सूची से हटाए भी गए हैं।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए ये उम्मीदवार मैदान में
पुटा अध्यक्ष पद के लिए यूआईईटी के मानू शर्मा, एसी जोशी लाइब्रेरी के मृत्युजंय कुमार, यूआईईटी के याजविंदर पाल मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए यूआईपीएस के अनिल कुमार, डेंटल कॉलेज के इकरीत सिंह बल, लॉ विभाग की सुपिंदर कौर मैदान में है। सेक्रेटरी पद केलिए बायोकेमिस्ट्री के अमरजीत सिंह नौरा, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के कश्मीर सिंह, यूआईईटी के नरेश कुमार ने नामांकन भरा है। संयुक्त सचिव पद के लिए यूआईईटी के मिंटो रतन, बायोफिजिक्स के सर्वनरिंदर कौर, फिलॉस्फी की शिवानी शर्मा मैदान में है। खजांची के लिए एसी जोशी लाइब्रेरी के नीरज कुमार सिंह, इकोनॉमिक्स के नितिन अरोड़ा और यूएसओल के सुच्चा सिंह मैदान में हैं।
विभिन्न ग्रुपों के लिए ये उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव
ग्रुप एक में चार सीटों केलिए उर्दू विभाग के अली अब्बास, अंग्रेजी के दीप्ति गुप्ता, सोशल वर्क के गौरव गौड़, यूएसओल के गौतम बहल, इतिहास के जसबीर सिंह, संगीत के नीलम पॉल, एसी जोशी लाइब्रेरी के नीरज कुमार सिंह, इतिहास के प्रियतोश शर्मा, फिलॉस्फी की शिवानी शर्मा, एसी जोशी लाइब्रेरी के सुमन सुमी चुनाव लडेंगे।
ग्रुप दो की चार सीटों के लिए बॉटनी के एन सिंह, कंप्यूटर सेंटर के बलराम सूदन, कंप्यूटर यूनिट की ममता गुप्ता, केमिस्ट्री की नवनीत कौर व विजय पाल सिंह, न्यूक्लियर मेडिसिन के विजयेता चड्ढा, बॉटनी के संतोष उपाध्याय, एनवायरनमेंट साइंस की सुमन मोर और जूलॉजी के योगेश रावल मैदान में हैं। ग्रुप तीन की चार सीटों के लिए आईईटीवीई की अमृतपाल कौर, यूआईईटी के अनिल कुमार, यूआईपीएस के अनिल कुमार, यूआईएलएस के अनुपम बहरी, फिजिकल एजुकेशन के गुरमीत सिंह, केमिकल इंजीनियरिंग की हरजीत कौर, यूआईईटी के जगेत सिंह, मिंटो रतन व नरेश कुमार, यूआईएचटीएम के नीरज अग्रवाल, यूआईईटी के परवीन गोयल व याजविंदर पाल चुनाव लड़ेंगे। ग्रुप चार की एक सीट पर संध्या विभाग के केशव मल्होत्रा और ग्रुप पांच की एक सीट पर यूएसओल की कमला चुनाव लड़ रही हैं।