मेडिकल बोर्ड में डॉ. पंकज केसवानी, डॉ. राजेश सिंह व डॉ. भानू शामिल हैं। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई। पुलिस ने उनके भाई पंजाब के लुधियाना स्थित जगजीत नगर निवासी मंदीप सिंह के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह लापरवाही से वाहन चलाने का मामला है। एफआईआर दर्ज की गई है। चालक की पहचान कर ली गई है, टीमें उसे पकड़ने की कोशिश कर रही हैं। हमें दीप सिद्धू की कार से आंशिक रूप से पी गई शराब की बोतल मिली है। विसरा नमूना एकत्र कर लिया गया है। एफएसएल रिपोर्ट के विश्लेषण के बाद आगे की कार्रवाई। राहुल शर्मा, एसएसपी, सोनीपत
रीना राय को दूसरे अस्पताल ले गए परिजन
हादसे में चोटिल उनकी मंगेतर रीना राय को परिचित किसी अन्य अस्पताल ले गए हैं। 26 जनवरी 2021 को दिल्ली में लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराने के बाद सुर्खियों में आए पंजाब के बठिंडा स्थित नेहरू कॉलोनी निवासी पंजाबी कलाकार संदीप उर्फ दीप सिद्धू की मंगलवार रात केएमपी पर हादसे में मौत हो गई थी।
वह अपनी अमेरिका निवासी मंगेतर रीना राय के साथ मंगलवार रात स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर दिल्ली से पंजाब जा रहे थे। केएमपी पर पिपली टोल प्लाजा के नजदीक उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई थी। जिसमें दीप सिद्धू की मौत हो गई। पुलिस टीम ने बुधवार सुबह उनके शव का तीन डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
मुक्तसर में हुआ था जन्म
पंजाब के मुक्तसर जिले में अप्रैल 1984 में जन्मे संदीप उर्फ दीप सिद्धू के करियर की शुरुआत मॉडलिंग से हुई थी। दीप सिद्धू ने लॉ की पढ़ाई की थी। वह किंगफिशर मॉडल हंट के विजेता रहे। मिस्टर इंडिया कॉन्टेस्ट में मिस्टर पर्सनालिटी का खिताब भी जीता। वर्ष 2015 में उनकी पहली पंजाबी फिल्म 'रमता जोगी' रिलीज हुई थी। हालांकि दीप सिद्धू वर्ष 2018 में आई फिल्म 'जोरा दास नंबरिया' से मशहूर हुए, जिसमें उनका किरदार गैंगस्टर का था।
लाल किले पर फहराया था धार्मिक झंडा
दीप सिद्धू तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन के दौरान चर्चा में आए थे। लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराने व हिंसा को लेकर भी उन्हें आरोपी बनाया गया था। इस मामले में दीप सिद्धू की गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल चुकी थी।