पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी
- फोटो : एएनआई
केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाने के बाद रविवार को पंजाब सरकार ने भी वैट दरें घटा दी हैं। इससे पंजाब में पेट्रोल 10 और डीजल पांच रुपये सस्ता हो गया है। नई कीमतें रविवार रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी। पंजाब सरकार के इस फैसले से राज्य में पेट्रोल करीब 95 रुपये लीटर व डीजल 83.75 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री चन्नी ने दावा किया कि पंजाब में पेट्रोल-डीजल की कीमतें चंडीगढ़ को छोड़कर सबसे कम होंगी। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर 4 नवंबर से पेट्रोल और डीजल की कीमतें क्रमवार 5 रुपये और 10 रुपये प्रति लीटर घटाईं हैं, जिससे पंजाब समेत सभी राज्यों की आय पर बुरा प्रभाव पड़ा है।
केंद्र की तरफ से वसूली जा रही एक्साइज ड्यूटी में पंजाब की 42 प्रतिशत हिस्सेदारी होती है। मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर वैट की दरों को पड़ोसी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के बराबर लाने और खरीफ के आगामी सीजन के लिए पंजाब के किसानों और आम उपभोक्ताओें को राहत देने के लिए यह फैसला किया है।
3295 करोड़ का होगा नुकसान
पंजाब में 2019-20 के आंकड़ों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की सालाना खपत क्रमवार 1352260 केएलएस और 3886897 केएलएस होती है। वैट में 10 रुपये और 5 रुपये की कटौती से पेट्रोल में 1352 और डीजल में 1943 करोड़ रुपये का नुकसान होगा। इसके अलावा केंद्र की तरफ से एक्साइज ड्यूटी में कटौती से पेट्रोल और डीजल के लिए वैट राजस्व का क्रमवार 684.68 करोड़ रुपये और 172.11 करोड़ रुपये का अनुमानित सालाना नुकसान होगा।
70 वर्षो में ऐसा नहीं हुआ
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब के लिए यह एक ऐतिहासिक फैसला है। 70 सालों में ऐसा पहले नहीं हुआ है। दिल्ली की तुलना में पंजाब में पेट्रोल अब नौ रुपये कम है।
दूसरे राज्यों से पेट्रोल और डीजल के मूल्यों की तुलना
- राज्य/यूटी पेट्रोल मूल्य डीजल मूल्य
- पंजाब 95.00 83.75
- दिल्ली 104.01 86.71
- हरियाणा 95.29 86.53
- हिमाचल प्रदेश 95.76 80.34
- जम्मू-कश्मीर 96.13 80.31
- चंडीगढ़ 94.21 80.89
- राजस्थान 116.27 100.46
पंजाब के लोग इस फैसले को भी दीपावली का तोहफा समझें। राज्य के लोगों को आगे भी ऐसे तोहफे सरकार की ओर से मिलते रहेंगे। चरणजीत सिंह चन्नी, मुख्यमंत्री, पंजाब।