पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह।
- फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब सरकार ने गन्ने के दाम में 15 रुपये प्रति क्विंटल इजाफा किया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गन्ने के सभी किस्मों की कीमतों में 15 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोतरी करने को मंजूरी दे दी है। यह वृद्धि पिराई सीजन 2021-22 के लिए होगी।
पंजाब में अब गन्ने की अग्रिम किस्म की कीमत 310 रुपये से बढ़कर 325 रुपये, मध्यम किस्म 300 से 315 रुपये और पिछेती किस्म 295 से बढ़कर 310 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। इसके अलावा पंजाब के गन्ना काश्तकारों की मांग पर गन्ने की सीओ-0238 किस्म को भी 325 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिराई सीजन 2021-22 के लिए राज्य भर में 1.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल गन्ने की काश्त के अधीन है, जिसमें से चीनी मिलों द्वारा लगभग 660 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की जाएगी। गन्ने की कीमत में हुई वृद्धि से पंजाब के किसानों को बीते साल की अपेक्षा 230 करोड़ रुपये का लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को गन्ने का रकबा बढ़ाने व किसानों के साथ मिल कर काम करने को कहा ताकि चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाने के अलावा राज्य सरकार के फसलीय विविधता अभियान को बढ़ावा मिल सके।
सहकारिता मंत्री के नेतृत्व में गन्ना विकास बोर्ड का गठन
गन्ना कंट्रोल बोर्ड की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के नेतृत्व में गन्ना विकास बोर्ड का गठन किया, जिसमें राणा शुगर के सीएमडी राणा गुरजीत सिंह, पंजाब राज किसान आयोग के चेयरमैन अजयवीर जाखड़, गन्ना कमिश्नर गुरविंदर सिंह और पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी के कपूरथला स्थित गन्ना अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. गुलजार सिंह शामिल हैं। यह ग्रुप गन्ने का उत्पादन बढ़ाने और काश्त की आधुनिक विधियों को प्रफुल्लित करने के तरीके तलाशेगा।