हरियाणा शिक्षा विभाग करीबन आठ साल बाद सरकारी स्कूलों के मास्टरों के लिए प्रमोशन का पिटारा खोलने वाला है। इसके लिए हरियाणा शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है और सूबे के हर जिले के जिला शिक्षा अधिकारियों से उनके इलाके में पदोन्नति पाने वाले योग्य मास्टर/मिस्ट्रेसिज व सीएंडवी अध्यापकों की सूची मंगवाई है।
इसी के आधार पर हरियाणा शिक्षा विभाग ने प्रमोशन पाने वाले मास्टर कैडर शिक्षकों की फिलहाल प्रोविजनल फेहरिस्त तैयार कर ली है, जिसे जल्द ही फाइनल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस फेहरिस्त में सूबे के विभिन्न जिलों में से 7935 शिक्षकों के नाम प्रस्तावित हैं, जिन्हे प्रमोशन दी जानी है।
इस प्रमोशन के लिए हरियाणा शिक्षा विभाग ने मास्टर कैडर शिक्षकों के लिए एक कसौटी भी निर्धारित है, जिस पर प्रमोशन से पहले शिक्षकों को खरा उतरना पड़ेगा। उधर, अंबाला में प्रमोशन केस तैयार करने की कार्रवाई जोरों से चल रही है।
यह रहेंगे प्रमोशन के मानदंड
- ये प्रमोशन 18 विषय पढ़ाने वाले विभिन्न मास्टर कैडर शिक्षकों को मिलेगी
- इन सभी मास्टरों के लिए जुलाई 2012 तक एमए क्लीयर होना जरूरी है
- आवेदक शिक्षक की एमए में कम से कम 50 फीसदी अंक प्राप्त हो
- शिक्षक के साथ कोई विवाद या कोर्ट केस न जुड़ा हो
- वर्ष 2003-04 से वर्ष 2014-15 तक शिक्षक की एसीआर रिपोर्ट ओके होनी चाहिए
- शिक्षक फिडर काडर में दो वर्ष का शैक्षणिक अनुभव पूर्ण करता है।
- तमाम दस्तावेजों पर जिला शिक्षा अधिकारी हस्ताक्षर करके तसदीक करेंगे
- प्रमोशन केस भेजने से पहले ये सुनिश्चित कर लिया जाए कि प्रमोशन मामले नए प्रमोशन पॉलिसी-2012 के अंतर्गत कवर होते हैं या नहीं, यदि किसी स्तर पर गलती पाई गई तो उसके लिए संबंधित कर्मचारी/अधिकारी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई होगी।
जिलेवार प्रोमोशन पाने वाले शिक्षकों की संख्या
अंबाला-401, भिवानी-702, फरीदाबाद-208, फतेहाबाद-299, गुडग़ांव-477, हिसार-585, झज्जर-364, जींद-495, कैथल-362, करनाल-529, कुरुक्षेत्र-447, महेंद्रगढ़-368, मेवात-143, पलवल-203, पंचकूला-203, पानीपत-223, रेवाड़ी-488, रोहतक-436, सिरसा-403, सोनीपत-312, यमुनानगर-287