हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन की सभी चर्चाओं पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विराम लगा दिया। सूबे की राजनीति को स्थिर बनाने के लिहाज से उन्होंने अपना संदेश स्पष्ट कर दिया है। उनका कहना है कि मनोहर लाल बहुत सूझबूझ वाले नेता हैं। उनकी कर्मशीलता को मुझसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। प्रधानमंत्री के इस कथन से उन सभी चर्चाओं पर विराम लग गया है, जिन्हें मनोहर विरोधी धड़ा हवा देने में जुटा था।
प्रधानमंत्री गुरुवार को झज्जर के बाढसा स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान में नवनिर्मित इंफोसिस फाउंडेशन विश्राम सदन के लोकार्पण अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि मुझे हरियाणा में लंबे वक्त तक काम करने का अवसर मिला है और अनेक सरकारों को मैंने नजदीक से देखा है। हरियाणा को 5 दशकों में मनोहर लाल के नेतृत्व में शुद्ध रूप से ईमानदार सरकार मिली है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री की ईमानदार कार्यशैली पर मुहर लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार हर समय प्रदेश की भलाई के लिए सोचती है। हरियाणा के विकास का मूल्यांकन किया जाए तो पिछले 5 दशकों की सबसे उत्तम और सबसे रचनात्मक तरीके से काम करने वाली सरकार हरियाणा को मिली है।
सीएम बनने के बाद मनोहर की प्रतिभा और निखरी : पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं मनोहर लाल को लंबे समय से जानता हूं। जिस प्रकार से हरियाणा सरकार उनके नेतृत्व में इनोवेटिव काम कर रही है। कई बार उस कार्य शैली को केंद्र सरकार भी अपनाती रही है। यही नहीं अन्य राज्यों के लिए भी मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा प्रेरणा स्रोत बन गया है।
मोदी ने कहा कि मैं सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री एवं उनकी टीम को बधाई देता हूं कि जिस तरह से वह काम कर रहे हैं वो हरियाणा के सुखद भविष्य की नींव में मील का पत्थर साबित होगा। हरियाणा आज मनोहर लाल के नेतृत्व में देश के उज्ज्वल भविष्य की ताकत बन रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री को आश्वासन दिया कि जो भी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा सरकार की लगाई जाएगी उस भरोसे पर वह खरी उतरेगी।
नेतृत्व परिवर्तन का सवाल नहीं : तावड़े
भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने चंडीगढ़ में कहा कि हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का सवाल ही नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सभी अटकलों, अफवाहों पर विराम लगा दिया है। प्रदेश के कोटे से एक मंत्री रतन लाल कटारिया कम हुए हैं, उनकी जगह भूपेंद्र यादव को केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। यादव मूल रूप से हरियाणा के ही हैं, राज्य सभा सांसद भले वह राजस्थान से हों।