फिरोजपुर के मक्खू के बंगाली पुल के नजदीक सरहिंद नहर में एक बैंक मैनेजर ने छलांग लगा दी। गोताखोरों की मदद से नहर से शव की तलाश की जा रही है। मोगा निवासी एक व्यक्ति ने बैंक मैनेजर और उसके भाई के खिलाफ मोगा थाना में एक मामला दर्ज करवाया था, उसके चलते मैनेजर मानसिक तौर पर परेशान रहता था।
थाना मक्खू पुलिस ने बुधवार बैंक मैनेजर के भाई के बयान पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। मनप्रीत सिंह निवासी वार्ड नंबर-7 कोटकपुरा बाईपास चौक नजदीक धवन पैलेस (मोगा) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका भाई लखबीर सिंह (30) मोगा में एक बैंक में बतौर मैनेजर तैनात है।
आरोपी रणजीत सिंह सहोता निवासी दमन नगर मोगा ने उसके और उसके भाई लखबीर के खिलाफ मोगा थाना में एक मामला दर्ज करवाया था। इसी मामले से उसका भाई लखबीर मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। इसीलिए लखबीर ने मंगलवार को मक्खू स्थित बंगाली पुल के नजदीक सरहिंद नहर में छलांग लगा दी है।
नहर के किनारे से उसके भाई का सामान बरामद हुआ है। गोताखोर नहर में शव की तलाश कर रहे हैं। इस मामले की तफ्तीश कर रहे इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह के अनुसार मनप्रीत के बयान पर आरोपी रणजीत सिंह सहोता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। इस मामले में जल्द आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।