पंजाब के गुरदासपुर में भारत-पाक सीमा पर स्थित कलानौर में पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने की खबर है। मुस्तैद बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) जवानों ने तुंरत ड्रोन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद ड्रोन गायब हो गया। पूरे क्षेत्र में बीएसएफ जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। जानकारी के अनुसार, कलानौर के बार्डर क्षेत्र में सोमवार की मध्य रात पाकिस्तानी ड्रोन आते देखा गया।
बीएसएफ की 89 बटालियन की बीओपी मेतला के जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग की। इसके बाद वह वापस पाकिस्तान चला गया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही बीएसएफ के उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में मंगलवार को सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक गत रात करीब साढ़े 11 बजे पाक की तरफ से ड्रोन भारतीय सीमा में प्रवेश का प्रयास कर रहा था। जब जवानों की नजर ड्रोन पर पड़ी तो हरकत में उन्होंने फायरिंग की। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर लगी कंटीली तार के पास उड़ रहे ड्रोन पर गोली बरसा कर जवानों ने देश विरोधी ताकतों के इरादों को नेस्तनाबूद किया है। बता दें कि पिछले दो माह में लगभग 16 बार पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए हैं।