चंडीगढ़। पाबंदी के बावजूद देर रात तक क्लब खोलने के आरोप में पुलिस ने मध्य मार्ग सेक्टर-26 स्थित ए स्टेट ऑफ डांस क्लब के मालिक अजय गुप्ता व प्रबंधक साहिल के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि दोनों को बाद मे जमानत पर छोड़ दिया गया। बता दें कि शनिवार देर रात क्लब के बाउंसरों से बहस के बाद बचकर भाग रहे एक युवक की फॉर्च्यूनर की टक्कर से मौत हो गई थी। उसी मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। वहीं, विवाद के कारणों की भी जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि पंचकूला के चंडी कोटला निवासी प्रदीप व प्रशांत, मोहाली निवासी अपने दोस्त अनिल के साथ गाड़ी से चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित ए स्टेट ऑफ डांस क्लब में पार्टी करने पहुंचे थे। इस दौरान क्लब से बाहर निकलने को लेकर तीनों की बाउंसरों से बहस हो गई। मामले में क्लब के बाहर भी हंगामा हुआ। इस दौरान बाउंसरों से बचकर भाग रहे प्रदीप को सेक्टर-26 स्लिप रोड से गुजर रही तेज रफ्तार एक फॉर्च्यूनर ने ने टक्कर मार दी। इसके बाद प्रदीप को जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। कोविड-19 के नियमानुसार, रात साढ़े दस बजे तक क्लब बंद कर देना चाहिए, लेकिन जांच में पुलिस ने पाया कि देर रात तक क्लब खुला था। इस मामले में कार्रवाई की गई है।