चंडीगढ़ प्रशासन स्टांप पेपर की ऑनलाइन बिक्री शुरू करने पर मंथन कर रहा है। इससे लोगों को लाइन में लगने से छुटकारा मिल जाएगा और लोग घर बैठे स्टांप पेपर खरीद सकेंगे। फिलहाल चुनाव आचार संहिता के चलते इस योजना को धरातल पर आने में समय लगेगा चंडीगढ़ प्रशासन मई में चुनाव बाद इस योजना को शुरू करने की कवायद में है। यह प्रक्रिया शुरू होते ही बाद शहरवासियों को केवल पांच मिनट में स्टांप पेपर मिल जाएंगे।
इस संदर्भ में चंडीगढ़ प्रशासन के एक बड़े अधिकारी ने बताया स्टांप बिक्री में पारदर्शिता लाने के लिए इसे ऑनलाइन प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। इसके लिए लोग घर सें ही ऑनलाइन आवेदन कर देंगे। लोगों को लाइन में लगने से भी छुटकारा मिल जाएगा। स्टांप पेपर की ऑनलाइन बिक्री के लिए सोमवार को यूटी प्रशासन के होम सेक्रेटरी और चंडीगढ़ प्रशासन के अफसरों के बीच एक मीटिंग हुई। इसमें चुनाव के बाद स्टांप पेपर की बिक्री करने पर सहमति बन गई है।
ऑनलाइन स्टांप पेपर बिक्री के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगइन करना होगा, जहां स्टांप पेपर खरीदने वालों को अपनी पूरी जानकारी जैसे की नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, आधार नंबर आदि इस सॉफ्टवेयर में रजिस्टर करना होगा। साथ ही यह जानकारी देनी होगी कि कितने रुपये का स्टांप पेपर चाहिए। सॉफ्टवेयर में रजिस्ट्रड ई मेल आईडी पर सरकार की नोडल एजेंसी स्टांप पेपर का लिंक भेजेगी, जिस पर पहले ही स्टांप नंबर होगा। आपको केवल घर बैठे उसका ऑनलाइन प्रिंट निकलवाना होगा। इस पूरी प्रक्रिया में पांच मिनट से ज्यादा समय नहीं लगेगा।