पुनर्वास योजना के तहत मलोया में लोगों को 4960 फ्लैट आवंटित किए जाने हैं। इसके लिए चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएचबी की ओर से जनवरी में इन फ्लैट्स के लिए ड्रा निकाला जाएगा। ड्रा के बाद अलाटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पहले चरण में तीन हजार फ्लैट्स का ड्रा निकाला जाएगा, जिसके बाद ही बाकी बचे फ्लैट्स का ड्रा होगा।
बोर्ड आगामी 15 जनवरी से पहले ड्रा का आयोजन करने का प्रयास कर रहा है, क्योंकि इससे पहले दिसंबर में ड्रा निकालने की योजना थी, लेकिन बाद में इसका काम लटक गया था। इस संबंध में सीएचबी सेक्रेटरी रुचि सिंह ने बताया कि वह जनवरी में सभी फ्लैट्स का ड्रा निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में डेट फाइनल नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही डेट फाइनल हो जाती है, वह इस पर काम शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि पहले तीन हजार फ्लैट्स का ड्रा निकाला जाएगा। ड्रा के साथ ही अलॉटमेंट की प्रक्रिया को भी जल्द ही शुरू किया जाएगा ताकि अलाटियों को जल्द ही योजना का लाभ मिल सके।
दिव्यांगों को ग्राउंड फ्लोर पर मिलेंगे फ्लैट्स
बोर्ड के यहां पर अलग-अलग मंजिलों पर फ्लैट्स बने हैं। यही कारण है कि ड्रा के जरिए ही फाइनल होगा कि कौन सी मंजिल पर किसे फ्लैट्स मिलेगा। हालांकि बोर्ड ने ये फाइनल कर दिया है कि दिव्यांगों को ग्राउंड फ्लोर पर ही फ्लैट्स की अलॉटमेंट की जाएगी। इसके लिए लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक के सीनियर अधिकारियों से मुलाकात की थी। जिसके बाद ही फैसला लिया गया कि दिव्यांगों को ग्राउंड फ्लोर पर ही अलॉटमेंट की जाएगी।