प्रतिमा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी
लुधियाना के सलेमटाबरी स्थित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर अकाली दल यूथ विंग के दो नेताओं की ओर से कालिख पोतने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। जिला पुलिस ने प्रतिमा की सुरक्षा के लिए दो मुलाजिमों की तैनाती कर दी है। दिन रात दो पुलिस मुलाजिम प्रतिमा की सुरक्षा में रहते हैं, ताकि अन्य प्रतिमाओं के साथ कोई छेड़छाड़ न कर सके। वहीं शहर में लगी अन्य प्रतिमाओं पर भी पुलिस को पैनी नजर रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
मंड की सुरक्षा में तीन मुलाजिम तैनात
राजीव गांधी की प्रतिमा को अपनी पगड़ी से साफ करने के बाद विवादों में घिरे गुरसिमरन सिंह मंड की सुरक्षा भी पुलिस ने बढ़ा दी है। पहले उनके पास एक पुलिस मुलाजिम था, जिसे बढ़ाकर अब तीन कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने मंड को कुछ दिन घर से बाहर नहीं आने की हिदायत भी दी है, ताकि कोई विवाद न बढ़े।
बता दें कि पगड़ी से प्रतिमा साफ करते हुए मंड का वीडियो फेसबुक पर आने के बाद कुछ लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की थी, वही मंड को विदेशों से मोबाइल पर धमकियां भी मिलना शुरू हो गईं थीं। इसके बाद मंड ने अपना फेसबुक खाता बंद कर दिया, वहीं मोबाइल पर बिना पहचान के कॉल रसीव नहीं कर रहे हैं। मंड के अनुसार धमकियों के बाद उनका परिवार दहशत में है।