एक सीसीटीवी फुटेज के सामने आने से रविवार को चंडीगढ़ के सीमा हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। फुटेज में वारदात वाले दिन बाइक पर एक संदिग्ध युवक और युवती देर रात डेढ़ से दो बजे के बीच घटनास्थल के पास दिखाई दिए हैं। युवती ने शॉल से अपना चेहरा ढका हुआ है जबकि युवक ने पगड़ी बांध रखी है। पुलिस दोनों की पहचान करने में जुट गई है।
सीमा के भाई दीप जॉर्ज ने एसएसपी कुलदीप चहल को प्रोफसर बीबी गोयल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दी है। उन्होंने कहा है कि प्रोफेसर काफी प्रभावशाली व्यक्ति हैं। वे केस को दबा सकते हैं। साथ ही जांच को प्रभावित कर सकते हैं। दीप ने एसएसपी से अपने स्तर पर जांच करने की मांग की है। मामले में सीमा के दोनों भाई एसएसपी से मिल चुके हैं। दीप जॉर्ज ने एक पत्र पोस्ट कर पीयू के वाइस चांसलर को भी शिकायत भेजी है और पूछा है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद उनके घर के पास इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई। इस मामले में अभी विवि की ओर से क्या कार्रवाई की गई है?
वहीं एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है कि सीएफएसएल रिपोर्ट के अनुसार, प्रोफेसर के घर के दरवाजे की जाली अंदर से ही कटी थी, जबकि प्रोफेसर का दावा था कि किसी ने बाहर से जालियां काटीं और फिर कुंडी खोलकर उनकी पत्नी की हत्या कर दी। परिजनों के बयान और रिपोर्ट अलग आने से अब पुलिस ने नई दिशा से जांच शुरू कर दी है।
दीप जॉर्ज ने शिकायत में लिखा है कि प्रोफेसर गोयल की पहली शादी के बारे में उन्हें नहीं पता था। उसने मेरी बहन के साथ धोखे से शादी की थी। वह उनकी बहन के साथ शादी के पहले दिन से ही मारपीट और झगड़ा करता था। पहली पत्नी के साथ भी इन्हीं कारणों से 20 दिन में उसका तलाक हो गया था। आरोप है कि प्रोफेसर दहेज के लिए और गरीब होने पर उनकी बहन को ताने मारता था। इसकी शिकायत पिछले वर्ष प्रोफेसर की बेटी पारुल ने पुलिस को भी दी थी।
दीप जॉर्ज ने शिकायत में बताया है कि दो नवंबर 2021 को प्रोफेसर और उनकी बहन के बीच बहुत लड़ाई हुई थी। उनकी भांजी पारुल इसकी गवाह है। इस लड़ाई से दो हफ्ते पहले भी दोनों का झगड़ा हुआ था। तब पारुल कसौली गई थी और उसे अपनी मां को बचाने के लिए वहां से आना पड़ा। वहीं शिकायत के बाद एसएसपी ने डीएसपी चरणजीत सिंह को जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएसपी ने दीप जॉर्ज के बयान दर्ज कर लिए हैं।
सीएफएसएल रिपोर्ट आ गई है। हम इस मामले में जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। -राम गोपाल, डीएसपी