नागरिक उड्डयन मंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
चंडीगढ़। पदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह हिसार एयरपोर्ट के लिए लाइसेंस से संबंधित सभी कार्यों को जल्द पूरे करें ताकि आने वाले दिनों में हिसार से उड़ान जल्द से जल्द शुरू की जा सके। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) के अधिकारियों को एयरपोर्ट के रन-वे डिजाइन व अन्य कार्य, गृह विभाग को सुरक्षा स्टाफ व उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए और एचएसआईआईडीसी (हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम) को शीघ्र भूमि उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
डॉ. गुप्ता ने वीरवार को हिसार एयरपोर्ट के कार्यों को लेकर विभिन्न विभागों के साथ एक बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से कहा, हिसार एयरपोर्ट के लाइसेंस के लिए सभी विभागों का कार्य तेजी से हो, ताकि हिसार हवाई अड्डे को जल्द ही संचालित किया जा सके। बैठक में नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आलोक मित्तल, एडवाइजर शेखर विद्यार्थी, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान, अग्निशमन सेवाएं विभाग के निदेशक मनीष चौधरी सहित और अधिकारी मौजूद रहे।