ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया। छह महीने बाद फिर से कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए मिनी कोविड केयर सेंटर खोलने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने कहा है कि अभी एक सेंटर खोला जाएगा, जिसमें 20 दिसंबर से मरीजों को भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि जिन लोगों को अब कोरोना संक्रमण हो रहा है, उनके साथ साथ क्वारंटीन किए गए लोगों को भी यहां अलग आइसोलेशन में रखा जाएगा। स्वास्थ्य सचिव व मिनी कोविड केयर सेंटर के नोडल अफसर यशपाल गर्ग की ओर से जारी पत्र में श्री गुरु ग्रंथ साहिब सेवा सोसायटी को बाल भवन सेक्टर-23 में दोबारा से मिनी कोविड केयर सेंटर शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया गया है कि 20 दिसंबर से स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस मिनी कोविड सेंटर में लोगों को भेजा जाएगा। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर में लोगों को बचाने में मिनी कोविड केयर सेंटर का अहम योगदान रहा है। शहर में अचानक बढ़े कोरोना के मरीज, ऑक्सीजन की भारी कमी और बेड की उपलब्धता नहीं होने के बाद प्रशासन ने शहरवासियों ने आग्रह किया था कि वह आगे आएं और उनकी मदद करें।
प्रशासन के आग्रह पर शहर की कई संस्थाएं, उद्योगपति व अन्य लोग सामने आए और उन्होंने अपने स्तर पर अस्थायी अस्पताल बनाने की बात कही। प्रशासन ने सभी को जगह मुहैया कराई और ये सेंटर खोले गए। कुल सात जगह सेंटर खोले गए, जिसमें से तीन तीसरी लहर के लिए अस्थायी तौर पर बंद रखे गए थे। अब इनमें से एक को खोला जा रहा है।