घोनेवाल गांव के किसान ने बताया कि उनकी घनिएके बेट में जमीन है। वहां धान और गन्ने की फसल है। वह खेतों में गए थे। तभी अचानक पानी का सैलाब आ गया और उनके गांव को जोड़ने वाली मंडी बोर्ड की सड़क पानी में बह गई। किसान ने बताया कि बड़ी मुश्किल से वे एक रस्से की मदद से वापस लौटे। सड़क के क्षतिग्रस्त होने के चलते गांव घनिएके, नंगली, तरोनावाला, कसोला, राजू कसोला, सहारन, राजू सहारन समेत करीब एक दर्जन गांवों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट गया।
अजनाला के एसडीएम अमरप्रीत सिंह ने बताया कि उज्ज नदी से पानी छोड़े जाने और मूसलाधार बारिश के चलते रावी नदी का पानी मंगलवार की रात अजनाला के गांव घोनेवाल में अचानक आ गया। पानी के तेज बहाव से मंडी बोर्ड की करीब 50-60 मीटर सड़क बह गई और कुछ गांवों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट गया।
एसडीएम अजनाला ने बताया कि मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। टूटी सड़क की मरम्मत की जा रही है। उन्होंने बताया कि 2000 एकड़ खेतों में पानी भरने से फसलों के खराब होने की रिपोर्ट है। किसानों को मुआवजा देने के लिए जल्द ही सर्वे का काम शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी का स्तर अब काफी कम हो चुका है और लोग वापस अपने घरों को लौट गए हैं।