यूक्रेन से जहाज के जरिये दिल्ली पहुंचे युवराज और हिना
इधर, दो दिन पहले ही यूक्रेन से लौटे अबोहर की तारा एस्टेट कालोनी निवासी ज्वेलर बिट्टू सोनी की बेटी हिना सोनी और इसी कालोनी के युवराज भादू ने बताया कि वह दोनों यूक्रेन के लबीब राज्य में स्थित नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। भारतीय दूतावास की ओर से कुछ दिन पूर्व उन्हें लेटर जारी कर वहां के हालात के मद्देनजर स्थिति सामान्य होने तक यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी गई थी।
यूक्रेन से जहाज के जरिये दिल्ली होते हुए अबोहर पहुंची हिना ने बताया कि फ्लाइट पकड़ने के लिए उन्हें लबीब से ट्रेन के जरिये करीब 1500 किलोमीटर का सफर करना पड़ा। इस दौरान रास्ते में जंग जैसे हालात नजर नहीं आए। यूक्रेन की राजधानी कीव, जो रूस के नजदीक है, वहां भी हालात सामान्य दिखे, जहां उन्होंने कुछ समय शॉपिंग भी की।
हिना ने बताया कि उन्हें पहली बार यूक्रेन से भारत आने के लिए दोगुना किराया अदा करना पड़ा। इससे पहले वह यूक्रेन से नई दिल्ली के लिए महज 300 डॉलर में टिकट खरीदती रही हैं लेकिन इस बार दोगुनी राशि अदा करनी पड़ी। यूक्रेन में जंग जैसे हालात के मद्देनजर वहां रहने वाले भारतीयों को निकालने के लिए किए जा रहे प्रयास के बारे में उन्होंने यूक्रेन और भारत सरकार की प्रशंसा की।