चंडीगढ़ सेक्टर-22 स्थित किरण थिएटर ब्लॉक मार्केट चंडीगढ़ के लोगों के लिए केवल खरीदारी का ही नहीं, परिवार के साथ सुकून के पल बिताने का भी बेहतर विकल्प बनता जा रहा है। मार्केट की सादगी उसकी स्वच्छता से बयां कर रही है। लोगों का कहना है कि इस बाजार में देश की संस्कृति की रंगत त्योहारों के साथ झलकती है। होली में रंग गुलाल उड़ता है तो दिवाली में पूरा बाजार रोशनी से जगमगा उठता है।
इस मार्केट की सबसे खास बात किरण थिएटर से जुड़ा होना है। बाजार के पुराने व्यवसायियों का कहना है कि 1961 में जब यह बाजार शुरू हुआ था तब किरण थिएटर के कारण सुबह से लेकर अंतिम शो तक डेढ़ से दो हजार लोगों की भीड़ जुटती थी। लोग सिनेमा देखने से पहले या बाद में खरीदारी के लिए बाजार में जरूर जाते थे। इतना ही नहीं शहर का पहला ब्यूटी पार्लर भी इसी बाजार में शुरू हुआ था। यह बाजार स्वच्छता के आदर्श को स्थापित करते हुए अपने दुकानदारों के साथ ही खरीदारी करने वाले लोगों को भी सफाई का पाठ पढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें: Punjab: पंजाब ने धान की पूसा-44 किस्म पर लगाई पाबंदी, अगले साल से खरीद भी नहीं होगी, जानें क्यों लिया ये फैसला
हर तरफ फूल ही फूल
शॉप कीपर एसोसिएशन किरण थिएटर ब्लॉक के पदाधिकारी ने इस बाजार की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए हर तरफ फूलों से सजावट कराई है। मार्केट में लगभग 400 गमले में अलग-अलग प्रजाति के फूल वाले पौधे लगाए हैं, जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं। वहीं, यह मार्केट पूरी तरह से पॉलिथीन फ्री है। मार्केट एसोसिएशन इस अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राहकों को जूट के बैग देकर जागरूक कर रहा है।
सफाईकर्मी सफाई के साथ देते हैं उपहार भी
बाजार की सफाई के लिए नगर निगम की तरफ से दो शिफ्ट में कूड़ा उठाने की व्यवस्था है। इसके अलावा मार्केट एसोसिएशन ने अपनी तरफ से दो सफाईकर्मी तैनात किए हैं, जो मार्केट में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रखने के साथ कूड़ा फेंकने वालों को जागरूक करते हैं। इसके लिए सफाईकर्मी गंदगी फेंकने वाले लोगों को डस्टबिन में कूड़ा फेंकने की सलाह देने के साथ ही ऐसा करने पर उन्हें चॉकलेट भी देते हैं।
बाजार एक नजर में
- 1961 में किरण थिएटर ब्लॉक मार्केट की शुरुआत हुई थी
- यहां पर 12 शोरूम और 38 दुकानें हैं
- यहां पर कपड़े, कॉस्मेटिक, बर्तन, ग्रासरी, खादी ग्रामोद्योग, गृह सज्जा की दुकानों के साथ दो रेस्टोरेंट हैं।
- सेक्टर-17 के बाद यहां शहर का दूसरा बड़ा पोस्ट ऑफिस और दो बैंक हैं।
- प्रत्येक त्योहार की थीम पर मार्केट की सजावट होती है।
- नगर निगम स्वच्छता के लिए इसे सम्मानित कर चुका है।
- यहां भीख मांगने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक है।
युवा व्यापारी बोले- सफाई है पहला कर्तव्य
मेरा मानना है कि लोग साफ-सुथरी जगह पर ही परिवार के साथ आना पसंद करते हैं। ऐसे में हमने सफाई को ही अपने बिजनेस का मूल मंत्र बना लिया है। मार्केट के सभी दुकानदार इसमें पूरा सहयोग कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हमारा बाजार लगातार विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।
-अमित गुलाटी, युवा व्यवसायी
बाजार में गुणवत्ता युक्त उत्पाद की आपूर्ति के साथ ही सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इससे यहां आने वाले ग्राहकों को किसी भी तरह की समस्या न हो। हमारे बाजार की सबसे खास बात यह है कि यहां किसी की गिरी हुई कीमती सामग्री को भी अध्यक्ष के पास जमा कर दिया जाता है। जहां से वह अपने स्तर पर उस व्यक्ति से संपर्क कर उसका सामान उसे वापस लौटाते हैं। ग्राहकों से हमारा विश्वास का रिश्ता जुड़ा हुआ है।
-आकाश, युवा व्यवसायी
किरण सिनेमा के कारण हमारा बाजार चंडीगढ़ के शुरुआती दौर से ही काफी प्रसिद्ध रहा है। युवा व्यापारी होने के नाते हमारा भी यह प्रयास है कि हम अपने ग्राहकों को उच्च श्रेणी की सुविधा प्रदान करें ताकि व्यापार में बढ़ोतरी के साथ ही ग्राहकों से अटूट संबंध में स्थापित हो सके।
-दीपक शर्मा, खादी
स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए मार्केट एसोसिएशन वीकेंड में थैला बांटने का अभियान चला रहा है। इसमें सेल्फी पॉइंट पर जूट के थैले के साथ फोटो क्लिक कर भेजने वाले ग्राहक को आकर्षक इनाम देकर उन्हें सीधे तौर पर जोड़ा जा रहा है। युवा होने के नाते हमारा प्रयास होता है कि ऐसे ही अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाए।
-मनोज कंसल, युवा व्यवसायी
मार्केट के विकास में दुकानदारों के साथ ही नगर निगम का हर स्तर पर सहयोग प्राप्त हो रहा है। विशेष रूप से नगर आयुक्त का प्रयास रहता है कि प्रत्येक समस्या को समाधान तक पहुंचाएं, जिससे बाजार का विकास हो। साथ ही हमारी पूरी टीम का यह प्रयास होता है कि यहां आने वाले ग्राहकों को स्वच्छ और साफ सुथरे वातावरण में खरीदारी के साथ ही मनोरंजन का भी अवसर प्रदान किया जाए।
-प्रवीण दुग्गल विशु, अध्यक्ष शॉप कीपर एसोसिएशन किरण थियेटर ब्लॉक