मनोहर लाल ने कहा कि योग को गांव-गांव पहुंचाने के लिए सरकार ने योग आयोग का गठन किया है। साथ ही प्रदेश में देश का पहला आयुष विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है और प्रदेश में 407 आयुष औषधालयों में वेलनेस सेंटर खोले गए हैं। हमारे जीवन को पानी व ऑक्सीजन की तरह ही योग की आवश्यकता है।
बचपन से ही योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग बने, इसलिए नित्य अभ्यास करें। मुख्यमंत्री ने पूरे देश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को कोरोना संक्रमणरोधी वैक्सीन लगाने का बड़ा अभियान शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने बताया कि योग दिवस पर हरियाणा में भी मेगा टीकाकरण अभियान चलाया गया है। इसमें ढाई लाख लोगों को निशुल्क वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। लोग कोविड रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक अवश्य लगवाएं ताकि तीसरी लहर के खतरों से बचा जा सके।
योग विद्यार्थियों ने किए कठिन आसन
कार्यक्रम में शिवस्तोत्र की धुन पर योग विद्यार्थियों ने विभिन्न कठिन आसनों का प्रदर्शन किया। हल्के व्यायाम के बाद कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम के साथ ही वज्रासन, अर्द्धचक्रासन, ताड़ासन, त्रिकोण आसन, भद्रासन, अर्द्ध मण्डुकासन, शशक आसन, मक्रासन, भुजंगासन, शलभासन, अर्द्धहलासन, पवन मुक्तासन किए।