कोरोना काल में योग की अहमियत को कई विशेषज्ञों ने मानी है। कोरोना से ग्रसित लोगों को दवाइयों के साथ योग करने की सलाह दी जाती रही है। इससे लोगों की रिकवरी तेजी से हुई और गंभीर होने से बचे। योग गुरु कहते हैं कि शरीर को स्वस्थ्य रखने के साथ-साथ बीमारियों से लड़ने में योग के आसन रामबाण उपाय हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने के साथ ही श्वसन तंत्र भी मजबूत करता है।
योगाचार्य एमएन शुक्ला के मुताबिक प्रतिदिन नियमित तौर पर योगासन करने से शरीर में श्वेत रक्त कोशिकाओं में वृद्धि होती है। इससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और कोरोना वायरस या अन्य वायरस से बचाव करती है। कोरोना की तीसरी लहर की बात हो रही है। इससे जूझने के लिए सारे जरूरी कदम उठाने के साथ योग का भी अभ्यास शुरू कर देना चाहिए।
योग के दौरान कई सावधानी भी बरतने की जरूरत है। जिसकी जितनी क्षमता हो, उसे उतना ही करना चाहिए। योग का प्रशिक्षण किसी योग गुरु व विशेषज्ञ के सानिध्य में ही करना चाहिए। एक बात और ध्यान रखने वाली है कि जब किसी का बड़ा आपरेशन हुआ तो उस स्थिति में चिकित्सक से परामर्श के बाद ही आसन करें। कोरोना से प्रभावित होने पर आसन चिकित्सक के परामर्श के बाद करें।
कोरोना में ये आसन मददगार साबित हो सकते हैं
योग गुरु के मुताबिक कोरोना का सबसे ज्यादा खतरा उन लोगों को है, जो दूसरी बीमारियों से ग्रसित हैं। इन आसन को रोजाना करने से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इससे आक्सीजन का स्तर भी बढ़ता है। योग विशेषज्ञ के मुताबिक सुखासन, सर्वांगासन, भुजंगासन, सिंहासन, ताड़ासन, श्वासन, पवन मुक्तासन आदि के साथ ही पांच प्राणायाम और पांच आसनों के जरिये रक्तचाप, तनाव, मुधमेह, हृदयरोग आदि से बचा जा सकता है। कोरोना वायरस के संक्रमण से ज्यादातर उन्हीं लोगों के लिए खतरा है, जो उपरोक्त बीमारियों से ग्रस्त है।
कोरोना में योग शतप्रतिशत लाभदायक है। जो पहले करते रहे, उनके लिए तो ठीक है। जो अब शुरू कर रहे हैं, उनके लिए भी लाभकारी हो सकता है। इससे फेफड़े मजबूत होते हैं और शरीर की कार्यक्षमता बढ़ती है। -योग गुरु नरेश शर्मा, प्रधान योग इंडिया फाउंडेशन भारत
कोरोना होने पर व्यक्ति की मानसिक रूप से अस्वस्थ भी हो जाता है। दवा से व्यक्ति ठीक तो हो जाएगा, लेकिन उसका तनाव खत्म नहीं होगा। योग शरीर, मन और भावना को संतुलित बनाता है। कोरोना में इसका फायदा भी देखने को मिला है। -आरआर पासी, प्रभारी पतंजलि योग समिति चंडीगढ़
योग से पूरे शरीर में आक्सीजनयुक्त रक्त का संचार होता है। इससे हमारे फेफड़े मजबूत होते हैं। फेफड़े मजबूत होंगे तो शरीर सुरक्षित रहेगा। कोरोना में देखा गया है कि सबसे ज्यादा नुकसान फेफड़ों को हुआ है। -एमएन शुक्ला, भारतीय योग संस्थान के सचिव, चंडीगढ़