सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट में एस्टेट ऑफिस और नगर निगम की टीम ने सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। रेहड़ी-फड़ी ही नहीं बूथों के बाहर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। अतिक्रमण इस कदर था कि 10 ट्रक सामान से भर गए। अतिक्रमण करने वाले 89 लोगों के चालान भी किए गए।
अचानक 10 ट्रकों के साथ पहुंची एस्टेट ऑफिस और नगर निगम की टीम को देख मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। रोड साइड सजी दुकानों का सारा सामान जब्त कर लिया गया। इसके अलावा टीम ने मार्केट के अंदर बूथों को भी चेक किया। सभी बूथों के बाहर लगाए गए सामान को भी जब्त कर लिया गया।
टाइपिस्ट भी हटाए
शाम को एस्टेट ऑफिस की टीम ने डीसी कार्यालय के पीछे अवैध तौर पर बैठे टाइपिस्ट के बेंच भी उठा लिए। तीन दिन पहले भी यहां से कुछ बेंच हटाए गए थे। जिसमें एक दो वकील के टेबल भी शामिल थे।
सेक्टर-32 से हटाई जाएगी मजार
मंगलवार को सेक्टर-32 में सरकारी जमीन पर अवैध तौर पर बनाई गई मजार को हटाया जाएगा। एस्टेट ऑफिस ने इस ड्राइव के आदेश जारी कर दिए हैं।