चंडीगढ़। रैपिड एंटीजन टेस्ट के जरिए अब कोरोना जांच कराना सस्ता हो गया है। निजी लैब में पहले 350 रुपये में होने वाली यह जांच अब सिर्फ 100 रुपये में होगी। स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब अगर कोई लैब 100 रुपये से अधिक वसूलेगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर में कोरोना की स्थिति और निजी लैबों से बातचीत के बाद ही जांच शुल्क कम करने का फैसला लिया गया है। 12 जनवरी 2022 को आरटीपीसीआर जांच के दाम 450 से घटाकर 299 रुपये कर दिए गए थे लेकिन रैपिड एंटीजन जांच के शुल्क में कोई कटौती नहीं की गई थी। अब मंगलवार को इस जांच का शुल्क 100 रुपये कर दिया गया। इसके अलावा ट्रू नैट टेस्टिंग के लिए 1250 रुपये और एंटीबॉडी टेस्ट के लिए 250 रुपये तय किए गए हैं। अगर कोई लैब घर से कोरोना के नमूने लेता है तो उसके लिए वह 200 रुपये का शुल्क ले सकता है। निजी लैब को हिदायत भी दी गई है कि कोई भी लैब कोरोना जांच के लिए इन दामों से ज्यादा न वसूले। प्रशासन का मानना है कि जांच के दाम कम करने के बाद सरकारी अस्पतालों में होने वाली भीड़ पर रोक लगेगी। अब लोग खुद अपनी जांच करा सकेंगे। शहर के सरकारी अस्पतालों में कोरोना जांच मुफ्त में हो रही है।