गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा पुलिस के दो अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस महानिरीक्षक करनाल रेंज ममता सिंह और सीआईडी पंचकूला के पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र वत्स को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। वीरता पुलिस पदक की श्रेणी में इस बार किसी को नहीं चुना गया।
12 को पुलिस पदक
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा पुलिस के 12 अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस पदक से सम्मानित होने वालों में धर्मबीर सिंह, कमांडेंट द्वितीय आईआरबी भोंडसी गुरुग्राम, अनिल कुमार डीएसपी नारायणगढ़, शीतल सिंह डीएसपी आरटीसी भोंडसी गुरुग्राम, मनीष सहगल डीएसपी सीआईडी फरीदाबाद, सुनीता रानी इंस्पेक्टर आरटीसी भोंडसी गुरुग्राम, जनक राज उप-निरीक्षक हिसार, सुख राम सिंह ईएसआई पंचकूला, उमेश कुमार ईएसआई फरीदाबाद, सीमा ईएसआई टेलीकॉम पंचकूला, राम गोपाल एएसआई जीआरपी कुरुक्षेत्र, विनोद कुमार एएसआई सीआईडी, पंचकूला और राजेश कुमार एएसआई पुलिस मुख्यालय पंचकूला शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार अग्रवाल ने पदक प्राप्त करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समस्त पुलिस बल के लिए गर्व का क्षण है। हमारे 14 अधिकारी इन महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुने गए। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वालों के साथ ही पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढ़ेगा।