चंडीगढ़। शहर में 9 घंटे के अंतराल में झपटमारी की दो वारदात सामने आई हैं। पहला मामला पलसौरा का है, जहां बाइक सवार दो युवक एक व्यक्ति से मोबाइल झपट फरार हो गए। वहीं, सैर कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला से सेक्टर-41 की कृष्णा मार्केट के पास से सोने की चेन झपट ली। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। पुलिस को दी शिकायत में पलसौरा निवासी प्रमोद ने बताया कि वह रात को अपने घर के बाहर टहलते हुए मोबाइल पर रेलवे का टिकट बुक कर रहा था। इस दौरान बाइक सवार दो युवक उससे मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
वहीं, सेक्टर-41 निवासी कमला देवी (61) ने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार सुबह सैर करने निकली थीं। करीब साढ़े पांच बजे वह सैर कर घर लौट रही थीं। सेक्टर-41 के कृष्णा मार्केट के पास पहुंचीं तो बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इस दौरान उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह नाकाम रहीं। पुलिस अब वारदातस्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। बता दें कि पिछले दो सप्ताह से आए दिन शहर के अलग-अलग जगहों पर चेन व मोबाइल झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस इन झपटमारों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।