चंडीगढ़। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए जीएमएसएच- 16 की ओपीडी में पंजीकरण की समय सीमा बढ़ा दी है। अब यहां ओपीडी में आने वाले मरीजों का सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक पंजीकरण किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पंजीकरण की समय सीमा दोपहर 12 बजे के बाद नहीं बढ़ाई जा सकती, क्योंकि उसके बाद के मरीजों को परामर्श लेने और जांच में परेशानी होगी। उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर समय सीमा को सुबह 11 बजे से बढ़ाकर 12 बजे किया गया है। बता दें 9 अगस्त को अमर उजाला ने इस बारे में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल का कहना है कि संक्रमण से बचाव के मानकों का पालन भी बेहद जरूरी है। ऐसे में अगर पंजीकरण को ओपीडी के समानांतर पर जारी रखा गया तो भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल होगा। इसलिए चार घंटे तक पंजीकरण के बाद सुविधा बंद करने का निर्देश दिया गया है।