चंडीगढ़। गूगल मीट एप के जरिए शहर के एक कॉलेज की ऑनलाइन क्लास ले रहीं महिला टीचर से अभद्रता का मामला सामने आया है। दरअसल, क्लास के समय एक बाहरी युवक ऑनलाइन जुड़ा और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ महिला टीचर को गंदे इशारे किए। शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच साइबर सेल को सौंपी दी है।
महिला टीचर पंचकूला में रहती हैं। उन्होंने अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज की शिकायत पंचकूला पुलिस को दी थी। पंचकूला पुलिस ने जांच के बाद जीरो एफआईआर दर्ज की। इसके बाद मामला चंडीगढ़ साइबर सेल की टीम के पास पहुंचा है। मामले में साइबर सेल की टीम जांच कर रही है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चंडीगढ़ के एक कॉलेज की टीचर है और ऑनलाइन क्लास से ले रही थी। इस दौरान गूगल मीट एप के द्वारा एक युवक उनके साथ ऑनलाइन जुड़ गया और उनसे अभद्रता की। इसकी शिकायत उन्होंने सेक्टर-26 थाना पुलिस को दी थी। पुलिस पता कर रही है आखिरकार यह युवक महिला टीचर के साथ कैसे संपर्क में आया। पुलिस का कहना है कि यह तभी संभंव है अगर किसी छात्र द्वारा गूगल मीट का लिंक शेयर किया गया हो। फिलहाल, मामले में जांच की जा रही है।