चंडीगढ़। मलोया जंगल में नग्न अवस्था में मिले महिला के शव की गुत्थी सुलझाने के लिए शुक्रवार दोपहर पुलिस अधिकारी डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ एक बार फिर घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने बड़ी बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्हें घटनास्थल पर खून के धब्बे मिले, जिसका नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा दिया है।
वहीं, डॉग पुलिस अधिकारियों को आधा किलो मीटर दूर सेक्टर-39 वाटर बॉक्स के साथ लगती दीवार तक ले गया। यह दीवार टूटी हुई है। पुलिस का मनाना है कि आरोपी इसी टूटी दीवार के बीच से निकलकर आया होगा। एएसपपी मृदुल और मलोया थाना प्रभारी जसपाल सिंह भुल्लर के साथ फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम ने रात आठ बजे तक जांच की। वाटर बॉक्स के पास मलोया गांव पड़ता है। पुलिस को शक है कि आरोपी मलोया गांव का हो सकता है। पुलिस इसका पता लगाने के लिए दीवार के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार को एक महिला अपने पति के साथ मार्केट में सब्जी लेने गई थी, लेकिन पैसे कम होने कारण उसका पति उसे मार्केट में छोड़कर अपने भाई के पास चला गया। जब वह लौटकर आया तो उसकी पत्नी मार्केट में नहीं मिली। उसने रिश्तेदार समेत कई जगह ढूंढा। इसके बाद रात में ही मलोया थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। बुधवार सुबह घर के पास उसे आटे की थैली पड़ी मिली। इसके कुछ दूरी पर पत्नी के कपड़े मिले और उसके बाद भी उसका नग्न अवस्था में शव मिला था। पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए कई पहलुओं पर जांच कर रही है।