फिरोजपुर में फरीदकोट रोड पर गांव रूकनाबेगू के पास से नहर के पुल से लापता तीन में से दो युवकों की लाश मिल गई है। तीसरे की तलाश जारी है। जिनके शव मिले हैं उनकी पहचान आकाशदीप और अनमोलदीप के रूप में हुई है। वहीं उनके चचेरे भाई अर्शदीप की तलाश जारी है। तीनों फरीदकोट जिले के गांव झांडीवाला के रहने वाले हैं।
सभी शादी के लिए कपड़े खरीदकर फिरोजपुर से अपने गांव लौट रहे थे। तीनों नहर में कैसे गिरे इसका पता नहीं चला है। मगर इनकी क्षतिग्रस्त बाइक पुल के पास मिली है। थाना कुलगढ़ी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कुलगढ़ी थाना पुलिस पिछले चार दिनों से आकाशदीप सिंह, अनमोलदीप सिंह व अर्शदीप सिंह की तलाश कर रही थी। मामले को लूटपाट के एंगल से भी देखा जा रहा है। फिलहाल दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि 18 नवंबर को आकाशदीप सिंह, अनमोलदीप सिंह और अर्शदीप सिंह मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। तभी रुकनाबेगू के नजदीक नहर के पास से तीनों लापता हो गए। उनकी मोटरसाइकिल पुल के पास मिली थी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनके साथ हादसा हुआ होगा।