हरियाणा के यमुनानगर जिले के बेलगढ़ में रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने जहां दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर गाड़ी चढ़ाकर घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने गाड़ी चढ़ाने के आरोपी के भाई को बीच रास्ते में घेरकर उसे बंधक बना लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बेलगढ़ में रास्ते को लेकर दो पक्षों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। पहले मारपीट हुई। उसके बाद एक पक्ष के एक व्यक्ति ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति को अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया। इसमें दूसरे पक्ष का व्यक्ति चोटिल हो गया है। घायल अवस्था में उक्त व्यक्ति को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घायल व्यक्ति के गुस्साए साथियों ने आरोपी कार चालक के भाई को बीच रास्ते में घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उक्त युवक को नग्न कर बंधक बना लिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल के रिश्तेदार सुभाष ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने मंडोली के प्रवीण नामक युवक पर हमला बोल दिया है। जिसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे फिलहाल उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि यह हमला किसने किया।
आए दिन होते हैं खनन जोन में झगड़े
खनन जोन में झगड़े होना आम बात हो गई है। अवैध खनन करने वाले लोगों ने बाकायदा अपने अपने गुट बना रखे हैं। जो अधिक पैसा कमाने के चक्कर में एक दूसरे को नीचा दिखाते रहते हैं। हालांकि नियमों को ताक पर रखकर यह लोग कार्य कर रहे हैं। बावजूद इसके आपस में झगड़ते हैं।
जोन क्षेत्र में खनन का काम करने वाले लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। जिन लोगों का सरकार में हाथ है वह लोग दूसरे को दबाने का प्रयास करते हैं। ऐसा कई बार हो चुका है। थाना प्रभारी प्रताप नगर सुभाष चंद का कहना है की बेलगढ़ में रास्ते को लेकर दो गुटों में हुए विवाद पर पुलिस जांच कर रही है। मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।