पिंजौर में ही हिमाचल रोडवेज बस की टक्कर लगने से एचएमटी कंपनी में कार्यरत अकाउंटेंट अधिकारी की मौत हो गई। इंजीनियर के पद कार्यरत शिकायतकर्ता श्याम लाल ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे एचएमटी कंपनी से छुट्टी होने के बाद वह और उसका दोस्त मोहन लाल अग्रवाल निवासी पुरानी मस्जिद रायपुररानी अपने घर जाने के लिए पिंजौर-पंचकूला रोड पर बस का इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि कुछ ही देर बाद हिमाचल रोडवेज बस का चालक अपनी बस को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाता हुआ आया और रोड किनारे खड़े मोहन लाल अग्रवाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोहन लाल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए और उसके सिर व कानों से खून बहने लगा।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घायल अवस्था में उसे पंचकूला के सेक्टर-6 के अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि टक्कर के बाद चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डेराबस्सी में चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह 8 बजे छाई धुंध में स्कूल बस समेत 3 वाहन टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में स्कूल बस में सवार 5 बच्चे और बस चालक घायल हो गया। घायलों को डेराबस्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 3 बच्चों की हालत गंभीर होने पर जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक की शिकायत पर स्कूल बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि गुरदेव सिंह निवासी दप्पड़ ने अपने बयान में बताया है कि गांव जवाहरपुर के नजदीक एक अज्ञात स्कूल बस की टक्कर लगने से एक कार डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसमें सवार लोगों की मदद के लिए वह अपनी मोटरसाइकिल खड़ा कर सहायता करने लगा।
इसी बीच गांव जवाहरपुर से तेज रफ्तार आई लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल की बस ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। वहीं, चंडीगढ़ से अंबाला जा रही एक हरियाणा रोडवेज की बस ने स्कूल बस में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूल बस में सवार राहुल सैनी (12), रोहित सैनी (12), रिदम सैनी (7), वंती सिंह (8), सिमरनजीत सिंह (14) सभी निवासी गांव देवीनगर सहित बस चालक मंगत सिंह निवासी गांव दंदराला घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सुबह धुंध में हादसा बस चालक की गलती से हुआ। इस दौरान चालक ने भी मुख्य सड़क पार करते समय ध्यान नहीं दिया। इसी लापरवाही में हादसा हो गया।