अबोहर में सौतेली मां ने किया 4 साल की मासूम का शोषण
4 साल की बच्ची ने कलयुगी मां के जुल्मों की दास्तां सुनाई तो पुलिस वाले भी जानकर सन्न रह गए। घटना पंजाब के अबोहर की है। नई आबादी निवासी सौतेली मां द्वारा एक मासूम बच्ची को बंधक बनाकर बुरी तरह से प्रताड़ित करने का मामला प्रकाश में आया।
वीरवार को इसकी सूचना मिलते ही समाज सेवी संस्था नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों ने मोहल्लावासियों के सहयोग से उक्त बच्ची को सौतेली मां के चंगुल से छुड़ाया और पुलिस की मदद से अस्पताल में दाखिल करवाया।
सूचना मिलते ही जिला बाल सुरक्षा अधिकारी रणवीर कौर, शिवाली जैन, भूपेंद्र सिंह व अजय शर्मा भी बच्ची का हाल जानने सरकारी अस्पताल पहुंचे। नई आबादी गली नंबर 10-11 छोटी पौड़ी निवासी राकेश कुमार की पत्नी सोनी करीब 3 वर्ष पूर्व उसे छोड़ गई और अपनी एक बेटी भी राकेश को सौंप गई।
उसके बाद राकेश के मामा की मौत होने पर उसने चार बच्चों की मां अपनी मामी सरोज रानी से शादी कर ली। चारों बच्चों की उम्र 7 से लेकर 16 साल तक है। बाद में सरोज ने एक लड़के को जन्म दिया।
बेटे के मोह में करने लगी थी सौतेला व्यवहार
अबोहर में सौतेली मां ने किया 4 साल की मासूम का शोषण
बेटे के मोह में उसने राकेश की पहली बेटी रागिनी से सौतेला व्यवहार करना शुरू कर दिया और उसको एक कमरे में बंद कर जीने लायक रोटी पानी देने लगी। इस कारण कुपोषण का शिकार हुई 4 वर्षीय रागिनी बेहद कमजोर हो गई। वह दिन-रात कमरे में जोर-जोर से रोती रहती थी।
वीरवार को मोहल्लावासियों ने इसकी सूचना समिति के प्रधान राजू चराया को दी। इस पर चराया अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से कमरे में कैद कुपोषित रागिनी को बाहर निकाला। पुलिस ने राकेश व सरोज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बच्ची सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. साहब राम ने बताया कि पूरी खुराक न मिलने के कारण बच्ची काफी कमजोर है। बाल सुरक्षा विभाग के अधिकारी बच्ची का उपचार फरीदकोट में करवाने की तैयारी कर रहे थे।
वहीं राकेश व सरोज अपने किए पर माफी मांगते हुए बच्ची उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे।