दवा लेने जा रही बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बहाने से कार में बिठाया और मारपीट करते हुए उसकी बालियां छीन लीं। चंडीगढ़ में सेक्टर-27 में वारदात अंजाम दी गई। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
,
पीड़ित विद्या शर्मा (82) सेक्टर में अपने घर से पैदल ही एक डॉक्टर के पास जा रही थी। जैसे ही वह सेक्टर-27 मार्केट के पीछे की तरफ पहुंची तो वहां एक गाड़ी खड़ी थी। उसमें से एक महिला निकली और बुजुर्ग महिला को गाड़ी में बैठने के लिए कहने लगी। महिला ने कार में बैठने से इंकार कर दिया।
सामने पर्स घुमाया तो जैसे मैं उनके वश में हो गई
पीड़िता के अनुसार उस महिला ने एक पर्स उसकी आंखों के सामने से घुमाया, जिसके बाद वह उनके वश में हो गई और उनकी गाड़ी में बैठ गई। कुछ दूर जाने के बाद उन्होंने उसे गाड़ी से उतार दिया। जब विद्या शर्मा अपने होश में आई तो पाया कि उसके कानों की 10 ग्राम की दोनों बालियां गायब थीं। महिला ने घर पहुंचकर 100 नंबर पर वारदात की सूचना दी। पीड़ित महिला के अनुसार गाड़ी में दो महिलाएं और एक पुरुष था, जो कार चला रहा था।
पहले भी हो चुकीं ऐसी वारदात
शहर में महिला गैंग द्वारा लूटपाट की कई वारदात सामने आ चुकी हैं। पीजीआई के पास बसों में महिलाओं की ओर से सोने का कड़ा काटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जबकि मनीमाजरा और पंचकूला में लिफ्ट देकर महिलाओं को लूटने वाला गिरोह लंबे समय तक सरगर्म रहा था। सेक्टर 3 पुलिस स्टेशन ने एक बार दो महिलाओं को गिरफ्तार भी किया था।