अज्ञात हथियारबंद लुटेरों ने मंगलवार देर शाम एसपी आवास के सामने नई सड़क पर सैमसंग के नए शोरूम में घुसकर लाखों का सामान और नकदी लूट ली।
इस वारदात के दौरान लुटेरों ने शोरूम के एक कर्मचारी को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी कुलदीप सिंह चाहल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद शहर के व्यापारियों में दहशत है।
एसपी आवास के सामने नई सड़क पर खुल रहे सैमसंग के नए शोरूम न्यू ऐरोविजन पर कार्यरत श्रीराम निवासी धर्म नगरी और धीरज निवासी भगवानपुरा ने घटना के बारे में बताया कि मंगलवार शाम वह शोरूम पर बैठे थे, इसी दौरान करीब आठ बजे चार अज्ञात युवक एक कार में आए।
इनमें से तीन सीधे शोरूम में घुस आए, जबकि एक कार में बैठा रहा। इससे पहले कि वे कुछ समझते पाते, अंदर आए तीन युवकों में से एक ने धीरज की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और दूसरे लुटेरे ने श्रीराम के सामने कापा लगा दिया और दोनों के मोबाइल और पर्स निकाल लिए।
इस दौरान धीरज कुमार ने लुटेरों का विरोध किया, तो तीसरे ने कापा से धीरज कुमार पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। दो लुटेरों ने शोरूम से दो एलईडी उठाकर बाहर खड़ी कार में रख दी और वापस आकर दोनों ने एक गल्ले से पांच हजार की नकदी और दूसरे गल्ले से पांच मोबाइल निकाल कर कार में रख लिया।
शोरूम से सामान निकाल कर कार में भरने वाले दोनों लुटेरे तीसरी बार शोरूम में आए और एक बड़ी प्लाजमा उठाकर ले जाने लगे, तो शोरूम का गेट अड़ जाने से वह टूट गई जिसे लुटेरों ने वहीं छोड़ दिया और कर्मचारी श्रीराम को एक कमरे में बंद करके फरार हो गए।
घटना के बाद घायल धीरज कुमार ने सड़क पर आकर शोर मचाया। शोर सुनकर वहां पर राहगीर जमा हो गए। उसने इसकी सूचना शोरूम संचालक आनंद कांसल और अनिल सलूजा को दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर एसपी कुलदीप चाहल और नगर थाना के एएसआई दविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। इस बारे में एसपी से बात करने पर उन्होंने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए इलाके की नाकाबंदी कर दी है।
कैमरे चालू होते तो लुटेरों को पकड़ना होता आसान
इस घटना में दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह रहा कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे शुरू नहीं हुए हैं, जिसमें लूट का कोई न कोई सुराग कैमरों में कैद हो सकता था। पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।