पुलिस ने जब युवती से पूछताछ की तो पूरी कहानी से पर्दा उठ गया। पूछताछ से पता चला कि एनआरआई हरदेव सिंह और मनदीप सिंह दोनों की युवती से दोस्ती थी। मनदीप सिंह की 2024 में युवती से दोस्ती हुई थी। मनदीप सिंह भी अमेरिका से कुछ समय पहले ही लौटा था और तीन मार्च को उक्त युवती से फोन कर कहा कि वह उसके गांव परमानंद आया है और मिलना चाहता है।
युवती ने अपने माता-पिता के डर और रात हो जाने के चलते मनदीप से मिलने से मना कर दिया। तभी हरदेव सिंह ने युवती को बताया कि मनदीप उसे फोन करके बार-बार परेशान कर रहा है। इतने में हरदेव अपनी गाड़ी से परमानंद आ गया और वहां पर मनदीप व हरदेव सिंह की बहसबाजी शुरू हो गई। मनदीप ने हरदेव का रिवाल्वर छीनकर उसे गोली मार दी। इसके बाद आरोपी शव को परमानंद के एक स्कूल के बाहर सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गया। हरदेव सिंह की पत्नी विदेश में रहती है और वह परिवार का इकलौता बेटा था।
कत्ल करने के बाद युवती से मिलने गया आरोपी
एनआरआई हरदेव का कत्ल करने के बाद आरोपी मनदीप सिंह एक सफेद रंग की कार में सवार होकर युवती से मिलने आया। उसके बाद आरोपी उक्त कार को करतारपुर जिला जालंधर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को बरामद कर लिया है। वहीं, यह भी सामने आया है कि आरोपी ने सेल्फ ड्राइव के आधार पर लग्जरी कार एक कंपनी से ली थी और कार को करतारपुर में छोड़ते वक्त कंपनी से आरोपी ने फोन कर कहा कि उसे एक जरूरी कोर्ट केस में अमेरिका जाना पड़ रहा है। आप कार यहां से ले जाएं।