युवक ने पड़ोस में रहने वाली महिला को छेड़ा। शिकायत देने पर पुलिस ने युवक को पीटा। गुस्साए युवक ने पुलिस की पिटाई का बदला लेने के लिए शुक्रवार को अपने साथियों सहित घर के बाहर परिवार पर हमला बोल दिया। मामला चंडीगढ़ का है।
लाठी और लोहे के रॉड से अंधाधुंध वार करने से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवती की हालत गंभीर है। सभी घायल सेक्टर-16 जीएमएचएस अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, अस्पताल में भर्ती दूसरे पक्ष के लोग भी विवाद में चोट लगने का दावा कर रहे हैं। विवाद सेक्टर-54 में छेड़छाड़ को लेकर हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-54 आदर्श कालोनी की एक नवविवाहिता 22 अप्रैल को सेक्टर-16 के जीएमएचएस अस्पताल में चेकअप कराने आई थी। आरोप है कि जब वह अस्पताल से बाहर निकली तो पीछा करते हुए पहुंचे पड़ोसी युवक राम ने उससे छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत लेडी ने अपने परिजनों से की।
उन्होंने इस मामले की शिकायत तत्काल सेक्टर-16 पुलिस चौकी में की। इसके बाद 16 मई को चौकी के बीच दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लेडी का आरोप है कि 20 मई को आरोपी युवक राम ने कालोनी में घर के बाहर फिर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने लेडी से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस घटना की शिकायत परिजनों ने सेक्टर-56 स्थित थाना पुलिस में दी।