80 लाख की ठगी के दो मामले सामने आए हैं। एक में नौकरी दिलाने के नाम पर तो दूसरे में विदेश भेजने के नाम पर धोखा दिया गया। दोनों मामले पंजाब के बठिंडा के हैं। थाना नथाना पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 62 लाख की ठगी करने वाले एक एनआरआई समेत चार लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
आरोपियों की पहचान एनआरआई बिक्रम सिंह, कुलजीत सिंह, रणवीर सिंह और गुरजीत सिंह निवासी अमरपुरा बस्ती बठिंडा के तौर पर हुई है। पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में पीड़ित गुरमीत सिंह निवासी गांव पूहला जिला बठिंडा ने बताया कि उसकी जान पहचान उक्त आरोपी एनआरआई विक्रम सिंह और रणवीर सिंह के साथ थी।
उन्होंने उसको एवं उसके दोस्त गुरतेज सिंह को विदेश भेजने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर उसने अपनी जायदाद बेच दी और अपने दोस्त गुरतेज सिंह के साथ मिलकर उक्त आरोपियों को 62 लाख दे दिए। अब तक न तो आरोपियों ने उनको विदेश भेजा और न ही उनके पैसे वापस किए।
थाना नथाना के सहायक थानेदार चिमन लाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित गुरमीत सिंह की शिकायत पर एक एनआरआई समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नौकरी लगवाने का झांसा देकर 18 लाख की ठगी
FRAUD
रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर बिहार निवासी एक दंपति ने गांव लहरा बेगा के तीन लोगों से 18 लाख रूपए ऐंठ लिए । पीड़ितों को जब अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने थाना सिविल लाइन पुलिस के पास शिकायत दी।
मामले की जांच करने के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने पीड़ितों के दोस्त अंकित शर्मा की शिकायत पर आरोपी दंपति अमित कुमार और स्नेह लता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अंकित शर्मा ने बताया कि आरोपी दंपति से उसकी जान पहचान थी।
आरोपी उससे अपनी रेलवे में दिल्ली के अधिकारियों तक जान पहचान होने की बातें करते थे। इसी के तहत उक्त दंपति ने उसे झांसा दिया कि तुम्हारे दोस्त अभय सिंह, महिंदर सिंह, सिमरजीत सिंह को रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। इसके चलते उसने उक्त तीनों अपने दोस्तों से छह-छह लाख रुपये लेकर आरोपी दंपति को दे दिए।
अभी तक बिहार निवासी आरोपी दंपति ने न तो उसके दोस्तों की नौकरी लगवाई और न ही उनके अठारह लाख रुपये वापस किए। थाना सिविल लाइन पुलिस के एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित अंकित शर्मा की शिकायत पर उसके दोस्तों के साथ ठगी मारने वाले दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।