जहर खाने वाली दुष्कर्म की शिकार पीड़िता ने पुलिस को अपना बयान दर्ज करवा दिया है। रविवार रात पीड़िता को जब होश आया तो उसके बयान दर्ज करने पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंची।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ‘तनाव के चलते रविवार सुबह उसे सिर में तेज दर्द होने लगा तो वह मेडिकल स्टोर से पेन किलर गोली का पत्ता ले आई, एक गोली खाने पर दर्द ठीक नहीं होता तो उसने पांच गोली एक साथ खा ली और इस कारण उसकी हालत बिगड़ गई। घरवालों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया और जो हुआ भूल वश हुआ।
पिता ने पति बनकर किया दुष्कर्म
गौरतलब है कि शनिवार को एक नाबालिग शहर थाना में शिकायत दर्ज करवाइ कि उसके पिता ने पति बनकर उसके साथ दुष्कर्म किया है।
पीड़िता ने अपने बयानों में बताया कि उसकी मां ने अपने पहले पति को तलाक देकर सिरसा निवासी जगदीश कुमार के साथ दूसरी शादी कर ली।
कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय पीड़िता का कहना है कि उसने व उसके छोटे भाई ने जगदीश कुमार को अपने पिता के रूप में स्वीकार कर लिया। करीब एक महीने पहले मां ने जबरन पिता जगदीश के साथ ही शहर के एक मंदिर में शादी करवा दी।
मां ने जबरन शादी कराई और धमकी दी
मां ने उसे धमकी दी कि अगर किसी के आगे शादी का जिक्र तक भी किया तो चमड़ी से खाल उतार दूंगी। मां की धमकी से पीड़िता सहम गई। पिता बेटी को पत्नी बनाकर उसकी अस्मत से खेलता रहा।
पुलिस ने आरोपी पिता व मां के खिलाफ केस दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार सुबह पीड़िता की अचानक तबियत खराब हो गई और परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।