होशियारपुर रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में कार सवार पांच डकैत गन प्वाइंट पर सात लाख 50 हजार रुपये से अधिक की करेंसी लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसएसपी कपूरथला सतिंदर सिंह, एसपी मनदीप सिंह, डीएसपी मनजीत सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक एक गैंगस्टर रवि बलाचौरिया पुलिस के रडार पर है। उसकी शिनाख्त बैंक कर्मियों ने पुलिस की ओर से दिखाई गई फोटो से की है। पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है लेकिन पुलिस की टीमें बलाचौर में सर्च कर रही हैं।
होशियारपुर रोड बैंक शाखा के प्रबंधक सुखविंदर सिंह मठाड़ू ने बताया कि करीब 12 बजे अचानक कुछ हथियारबंद संदिग्ध बैंक के अंदर दाखिल हुए और कैशियर पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने साढे़ सात लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। वारदात के समय बैंक में स्टाफ समेत 12 लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लुटेरे पांच थे।
पहले एक लुटेरा दाखिल हुआ बाद में बाकी दाखिल हुए। उन्होंने सभी ग्राहकों के मोबाइल अपने पास रख लिए जो बाद में फेंककर फरार हो गए। लुटेरे जाते-जाते सीसीटीवी और डीवीआर तोड़ गए। एसएसपी कपूरथला सतिंदर सिंह ने बताया कि डीवीआर कब्जे में ले ली गई है। फुटेज निकलवाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कुछ अपराधियों की फोटो बैंक कर्मियों को दिखाई। इसमें से एक लुटेरे की पहचान कर ली गई है।