मोहाली में विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। फ्यूचर प्लानर ग्रुप के लोग करोड़ों रुपये लेकर रातों-रात फरार हो गए। जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी तो सोमवार को वह कंपनी के ऑफिस पहुंच गए। लेकिन, ऑफिस के बाहर ताला लगा हुआ मिला।
लोगों ने इसकी शिकायत फेज-11 थाने में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे डीएसपी सिटी-दो नवरीत सिंह विर्क ने लोगों को विश्वास दिलाया कि आरोपियों पर केस दर्ज कर जल्दी ही काबू किया जाएगा।
विज्ञापन देकर बनाया लोगों को शिकार
ठगी का शिकार खन्ना निवासी गुरमुख सिंह ने बताया कि उन्होंने अखबार में कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसके बाद वह फेज-11 एससीओ नंबर 97 स्थित फ्यूचर प्लानर ग्रुप के ऑफिस में पंकज कुमार से मिला। उसने बताया कि वह कंपनी का मालिक है।
पंकज ने बताया कि वह कनाडा, न्यूजीलैंड, साइप्रस, आस्ट्रेलिया आदि का वीजा लगवाते हैं। गुरमुख ने बताया कि उसे न्यूजीलैंड जाना है। कंपनी मालिक ने उससे पासपोर्ट और 2.30 लाख रुपये फीस देने की डिमांड की। उसने पंकज को फीस और अपना पासपोर्ट दे दिया। लेकिन, इसके बाद बात आगे नहीं बढ़ी।
कुरियर से घर भेजे पासपोर्ट
गुरमुख ने बातया कि काफी समय बीतने के बाद एक दिन उनके घर में कुरियर से एक पैकेट आया। उन्होंने पैकेट खोलकर देखा तो उसमें उसका पासपोर्ट था। लेकिन उसमें वीजा नहीं लगा था। उन्होंने तुरंत कंपनी द्वारा दिए गए फोन नंबरों पर कॉल की, लेकिन सभी नंबर बंद आ रहे थे। वह कंपनी के ऑफिस पहुंचे। लेकिन, तब तक कंपनी मालिक फरार हो चुका था।
नहीं दिया ऑफिस का किराया
लोगों के कहने पर पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया। बिल्डिंग मालिक सिमरन सिंह ने बताया कि कंपनी ने उन्हें भी एक महीने का किराया नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि चार महीने पहले ही कंपनी ने उनका ऑफिस किराया पर लिया था। लोगों ने बिल्डिंग के मलिक पर इमीग्रेशन कंपनी के साथ मिले होने का आरोप लगाया है।
इन राज्यों के लोगों को ठगा
कंपनी ने हरियाणा, यूपी, विशाखापट्नम और हिमाचल के लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। लोगों का कहना था कि कंपनी ने उन्हें भी कुरियर से पासपोर्ट भिजवाए हैं। उनके मुताबिक कंपनी ने लोगों से एक करोड़ से अधिक रुपये की ठगी की है।