फेसबुक पर ब्रिटिश युवती से दोस्ती की कीमत युवक को पड़ी महंगी। युवती ने लगाया एक लाख रुपये का चूना। मामला पंजाब के अबोहर का है। फेसबुक पर दोस्ती करके लंदन निवासी एक युवती ने अपने सहयोगी से मिलकर स्थानीय निवासी एक व्यक्ति को 99 हजार 500 रुपए की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना नंबर 1 की पुलिस ने विदेशी युवती समेत अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में गुरजिंदर पाल सिंह निवासी थाना रोड़ ने बताया कि कुछ समय पूर्व फेसबुक पर उसकी दोस्ती लंदन निवासी ब्रैंडा स्कोट नामक लड़की से हुई थी। कुछ समय बाद उसने इंडिया घूमने की इच्छा जताई। गुरजिंदर ने बताया कि कुछ दिनों बाद उसे मुंबई के रोहन वर्मा नामक युवक ने कस्टम अधिकारी बनकर फोन किया कि ब्रैंडा स्कोट के पास अधिक लगेज होने के कारण इसकी कस्टम ड्यूटी भरनी पडे़गी।
इसपर उसने कस्टम अधिकारी की ओर से दिए गए अकाउंट नंबर में 99,500 रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद वह अपनी महिला मित्र का इंतजार करने लगा। कुछ दिन बाद उसी रोहन वर्मा नामक व्यक्ति ने उससे दोबारा दो लाख 65 हजार रुपये जमा करवाने को कहा। इसपर उसे अपनी महिला मित्र पर शक हो गया और उसने इस बात की शिकायत पुलिस में दी। पुलिस ने ब्रैडा स्कोट व रोहन वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई प्रेम चंद कर रहे हैं।