आरोपियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सोशल मीडिया पर चंद महीने पहले दोस्ती हुई और फिर प्रेमी ने दुबई से आकर प्रेमिका के पति की हत्या कर दी। थाना भादसों पुलिस ने दो जनवरी से लापता गांव रणो के 38 वर्षीय जसवीर सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मृतक की पत्नी, प्रेमी व दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि थाना भादसों के अंतर्गत गांव रणो निवासी जसवीर सिंह दो जनवरी को अपनी बाइक पर घर से निकला था। जब वह नहीं लौटा तो बाद में तलाश शुरू की गई तो जसवीर सिंह की बाइक व मोबाइल सरहिंद के सानीपुर के नजदीक भाखड़ा नहर के किनारे मिली। पुलिस ने इस मामले में चार जनवरी को रेश्म सिंह की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया कि जसवीर सिंह के पत्नी प्रभजोत कौर के साथ अच्छे संबंध नहीं थे। करीब आठ महीनों से प्रभजोत कौर की सोशल मीडिया के जरिये दुबई में रहने वाले कुलदीप सिंह उर्फ रिंकू से दोस्ती हो गई थी। रिंकू मूलरूप से पटियाला के गांव झंबाली सानी का ही रहने वाला था। इसी बीच दोनों ने जसवीर सिंह को अपने रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दिसंबर 2022 में कुलदीप सिंह अपने गांव वापस लौटा। पुलिस के मुताबिक मृतक जसवीर सिंह को अपनी पत्नी के संबंधों के बारे में पता भी लग गया था। इसलिए कुलदीप सिंह ने अपने गांव के ही दो व्यक्तियों प्रदीप सिंह उर्फ दुला और जगपाल सिंह उर्फ बूटा उर्फ पांडू को साथ मिलाया। ये तीनों जसवीर सिंह को बहाने से सरहिंद ले गए। वहां जसवीर सिंह को शराब पिलाकर नहर के किनारे ले जाकर उसके सिर व गर्दन में वार करने के बाद नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खुलासे के बाद गोताखोरों की मदद से शव खेड़ी गंडियां से करीब छह किलोमीटर आगे नहर से बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को अदालत में पेश कर 13 जनवरी तक का रिमांड हासिल कर उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।