चंडीगढ़ के पास स्थित नयागांव स्थित फॉरेस्ट हिल रिजॉर्ट के गेट नंबर 4 के बाहर वीरवार सुबह बाइक पर आए दो युवक हवाई फायरिंग कर भाग निकले। घटना के वक्त रिजॉर्ट के अंदर बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग चल रही थी।
फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर राहुल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस दो घंटे बाद मौके पर नहीं पहुंची। फॉरेस्ट हिल रिजॉर्ट में पिछले 10 दिनों से बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग चल रही थी। वीरवार को शूटिंग का अंतिम दिन था। इस फिल्म में अभिनेता हर्ष गोवर्धन और पंजाबी एक्ट्रेस सोनम बाजवा अभिनय कर रही हैं। हालांकि, घटना के समय दोनों एक्टर शूटिंग कर जा चुके थे।
राहुल का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिसकर्मी मौके पर दो घंटे बाद पहुंचे। उन्होंने इस दौरान चार बार पुलिस को फोन किया। राहुल ने कहा कि वह इस मामले में ज्यादा उलझना नहीं चाहते क्योंकि फिल्म का नाम खराब होगा।
एसएचओ का इनकार
उधर, नयागांव थाने के एसएचओ सतनाम सिंह ने गोली चलने की घटना से साफ इन्कार कर दिया, जबकि इस मामले की सूचना नयागांव पुलिस के अलावा चंडीगढ़ पुलिस के कंट्रोल रूम के पास भी आई थी। चंडीगढ़ पुलिस के 112 नंबर पर की गई कॉल चंडीगढ़ कंट्रोल रूम पर लगी, जिसके बाद सेक्टर-11 थाने की पुलिस नयागांव के लिए रवाना हुई, लेकिन मामला नयागांव का होने के कारण टीम वापस लौट गई। लगभग डेढ़ से दो घंटे बाद नयागांव थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। राहुल ने शाम को भी आरोपियों के बारे में पूछने के लिए पुलिस को फोन किया, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
दहशत फैलाने का मकसद या कुछ और
इस फायरिंग से सवाल खड़ा होता है कि क्या यह गोली दहशत फैलाने के मकसद से चलाई गई थी या इसके पीछे कोई और कारण था। कलाकारों और बॉलीवुड एक्टर्स को लगातार गैंगस्टरों की तरफ से धमकियां मिलने की खबरों के बीच इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है। पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वास्तविक मकसद का खुलासा हो पाएगा।
मैंने दो दिन पहले ही थाने का चार्ज संभाला है। गोली चलने की कोई शिकायत नहीं आई। शिकायतकर्ता का नंबर दे दो मैं बात करता हूं। सतनाम सिंह, एसएचओ, नयागांव