महिला एसएसपी के पास पहुंची और दहाड़े मार-मारकर रोने लगी। कहती रही कि पति ने मेरे बेटे को मार डाला और अब वह मेरी बेटी को भी नहीं छोड़ेगा। मामला पंजाब के बरनाला का है। जिला फरीदकोट के गांव मल्लां से अपने बुजुर्ग पिता के साथ यहां एसएसपी कार्यालय पहुंची परमजीत कौर नामक महिला ने अपने पति को बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसने चिल्ला-चिल्ला कर कहा कि वो (पति) उसकी मासूम बेटी की भी हत्या कर देगा। पीड़िता ने अपने बेटे की मौत की जांच कराने की गुहार लगाई है।
मरे बच्चे का मुंह तक नहीं दिखाया
पीड़िता परमजीत कौर ने पुलिस से कहा है कि उसका बेटा न कभी बीमार हुआ और न ही कभी कोई चोट लगी तो उसकी मौत कैसे हो गई। उसके नशेड़ी पति ने उसके बेटे की हत्या की है। मामले को खुर्द-बुर्द करने के लिए उसे बच्चे का मुंह तक नहीं दिखाया गया। यहां तक कि उसके बच्चे का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया। उसने पुलिस को कहा कि जब उसके बेटे की चिता को आग लगाई जा रही थी उसने श्मशानघाट पर मौजूद पंचायत के सामने मौत के कारणों की पुष्टि करने की पुकार भी की थी। लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा और वह अपने पिता के साथ वापस मायके लौट गई।
बेटी को नशेड़ी पति से मुक्त कराने की गुहार
पीड़िता परमजीत कौर ने पुलिस से गुहार लगाई है कि बेटे की मौत की गहराई से जांच की जाए। उसके साथ ही उसकी बेटी खुशप्रीत को उसके नशेड़ी पति के चंगुल से छुड़ाया जाए। उसने कहा कि पहले उसके पति ने उसके बेटे का कत्ल किया, अब उसकी बेटी का भी कत्ल कर देगा।