अंबाला चंडीगढ़ हाइवे पर डेराबस्सी फ्लाईओवर की रेलिंग से टकराकर एक बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 23 वर्षीय नवदीप शर्मा पुत्र शुक्ल कुमार शर्मा निवासी गांव जीओरा, थाना बेदंता, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के तौर पर हुई जो यहां विद्याज्योति गुरुकुल कॉलेज डेराबस्सी में ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर जीरकपुर में किराए पर रहता था।
मई में खुले डेराबस्सी फ्लाईओवर पर हुआ यह पहला हादसा है। जानकारी के मुताबिक नवदीप अपने दोस्त की बाइक मांगकर जीरकपुर से कॉलेज की ओर जा रहा था। वह पुल के शॉर्प मोड़ पर तेजरफ्तार बाइक का संतुलन खो बैठा। गिरते हुए उसका सिर पुल की रेलिंग से लगा। जबकि बाइक 100 मीटर आगे पड़ी मिली। सोनू सेठी के अनुसार नेशनल हाइवेज की एंबुलेंस बुलाई परंतु मृत बताकर एंबुलेंस चालक ने ले जाने से मना कर दिया। बाद में सोनू सेठी ने अपनी एंबुलेंस से शव को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। आईओ मेवा सिंह के अनुसार मृतक के मामा करमलाल कर्मा के बयान पर सीआरपीसी 174 के तहत केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।